सोने की शुद्धता पर सवाल, हर 10 में एक सैंपल में गड़बड़ी
ट्राइसिटी में ज्वेलर्स से लिए नमूनों में 5 से 10% तक में मिली खामी फेस्टिव सीजन में बीआईएस की निगरानी, मशीनों से लेकर हॉलमार्किंग और रिकॉर्ड तक की जांच
चंडीगढ़। त्योहारों के सीजन में सोने के गहने खरीदने जा रहे हैं तो सिर्फ उनकी चमक और हॉलमार्क देखकर संतुष्ट न हों। ट्राइसिटी में ज्वेलर्स से लिए गए सोने के नमूनों में पांच से दस फीसदी तक में गड़बड़ी सामने आने की जानकारी मिली है। ये नमूने भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की मोहाली स्थित लैब में जांचे जाते हैं। ऐसे में खरीदारी के समय हॉलमार्क की प्रामाणिकता जांचने के साथ पक्का बिल लेना भी जरूरी है। ट्राइसिटी में बीआईएस के करीब 364 पंजीकृत ज्वेलर्स और सात हॉलमार्किंग सेंटर हैं।
सोने की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए हॉलमार्किंग सेंटरों में जांच के बाद भी बीआईएस ज्वेलर्स से नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराता है। बीआईएस की एक वैज्ञानिक के अनुसार, इस सैंपलिंग में पांच से दस फीसदी नमूनों में गड़बड़ी पाई जाती है। हॉलमार्किंग सेंटरों की जांच के दौरान घोषित शुद्धता से कम सोना मिलने, गहनों के वजन में अंतर, हॉलमार्क स्पष्ट न होने और जांच रिपोर्ट में त्रुटि जैसी कमियां भी सामने आती हैं। मशीनों का सही तरीके से कैलिब्रेट न होना भी जांच के दायरे में आता है।
मशीनों से लेकर रिकॉर्ड तक की जांच
फेस्टिव सीजन में बीआईएस की निगरानी के तहत हॉलमार्किंग सेंटरों की जांच में इस्तेमाल होने वाली एक्स-रे फ्लोरेसेंस (एक्सआरएफ) मशीनों की कार्यक्षमता परखने के साथ उनके प्रमाणित संदर्भ नमूनों से किए गए परीक्षण भी देखे जाते हैं। तौल मशीनों की सटीकता और सैंपलिंग प्रक्रिया से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जाती है। भारतीय मानक ब्यूरो के वैज्ञानिक नेहा कुमारी ने कहा कि एसआरएफ रिकॉर्ड के जरिये यह भी देखा जा सकता है कि नमूनों की जांच निर्धारित प्रक्रिया के मुताबिक हुई या नहीं और दर्ज परिणाम तकनीकी रिकॉर्ड से मेल खाते हैं या नहीं। गुणवत्ता या प्रक्रिया में गड़बड़ी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
ग्राहक ऐसे जांचें सोने की शुद्धता
छह अंकों का एचयूआईडी देखें: गहने पर दर्ज हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन (एचयूआईडी) नंबर की जांच करें।
बीआईएस केयर ऐप का इस्तेमाल करें: ऐप के ‘Verify HUID’ फीचर से नंबर की प्रामाणिकता सत्यापित करें।
पक्का बिल जरूर लें: बिल में गहने का वजन, शुद्धता और कीमत का विवरण जांचें और सुरक्षित रखें।
गड़बड़ी पर शिकायत करें: हॉलमार्क या शुद्धता में गड़बड़ी की आशंका होने पर बीआईएस केयर एप या बीआईएस के शिकायत पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
यदि हॉलमार्क वाले गहने की शुद्धता घोषित स्तर से कम पाई जाती है, तो लागू बीआईएस नियमों के तहत ग्राहक निर्धारित मुआवजे और जांच शुल्क का दावा कर सकता है इसलिए खरीदारी के समय हॉलमार्क और एचयूआईडी की जांच के साथ बिल लेना भी उतना ही जरूरी है।