चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय टीचर्स एसोसिएशन (पुटा) के चुनाव इस माह होते नहीं दिख रहे। अभी सदस्यता अभियान का काम चल रहा है। यह इसी माह के आखिर तक चलेगा। उसके बाद पुटा कार्यकारिणी चुनाव की घोषणा करेगी।
पुटा का चुनाव हर साल होता है। इस बार भी इसी माह में होने के आसार थे, लेकिन अभी तक चुनाव की तिथि घोषित नहीं हो पाई। वहीं प्रत्याशी अपनी तैयारी में जुटे हैं। उन्हें उम्मीद है कि चुनाव इसी माह होंगे, लेकिन उन्हें अभी और पसीना बहाना पड़ेगा। कुछ वरिष्ठ शिक्षकों का कहना है कि सीनेट के गठन से पहले चुनाव होते नहीं दिख रहे क्योंकि पुटा के अध्यक्ष को सीनेट के लिए सदस्य बना दिया गया है। ऐसे में चुनाव का प्रस्ताव टाला भी जा सकता है। हालांकि जिस ग्रुप से अध्यक्ष पद आते हैं और चुनाव होता है तो उनका पलड़ा भारी भी होने की संभावनाएं हैं।
सचिव प्रो. अमरजीत सिंह नौरा का कहना है कि चुनाव हर हाल में करवाएंगे। इसी माह के आखिर तक तिथि तय हो जाएगी। अभी सदस्यता अभियान चल रहा है। कोई इससे वंचित न रहे, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।