पंजाब कला भवन में पंजाब आर्ट्स काउंसिल की ओर से आयोजित रंधावा उत्सव में रंगारंग प्रस्तुतियों ने सबका मन मोहा। उत्सव में ढोल की गूंज भी सुनाई दी तो लोकगीतों की मधुर स्वरलहरी भी। वहीं विलुप्त होते जा रहे पंजाब के फोक आर्केस्ट्रा ने भी सबका दिल जीत लिया।
रंधावा उत्सव के तहत बुधवार को आयोजित रंगारंग प्रस्तुतियों से पंजाब कला भवन गूंज उठा। हरिंदर पाल सिंह की टीम ने फोक आर्केस्ट्रा पर प्रस्तुति दी। टीम ने अलग-अलग साजों सामान पर अपना हुनर दिखाया।
टीम में गुरप्रीत सिंह, दीपक कौशल, करतार सिंह, मेहर चंद, सूरज, प्रभजोत, करनदीप, भूपिंदर, प्रदीप शामिल रहे। वहीं तुंबा और अलगोजा पर शादी चौधरी और चुड़ू खान ने अपनी प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरी। जयराम बेला और उनकी टीम ने डांस और वाद्य यंत्रों से सबको मंत्रमुग्ध किया।
उनके साथ आठ कलाकार शामिल रहे। इनमें जयराम बेला, सतनाम, सोनी, गौरी, स्वीटी और गौरव शामिल रहे। चंडीगढ़ के रहने वाले ढोली करनजीत, करतार सिंह, सुरिंदर राम ने ढोल से अलग तरह की बोलियां सुनाईं।