दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्वर्णजीत कौर को लेने पहुंचे संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि पहले 16 मार्च की टिकट का इंतजाम किया था लेकिन उस दिन उसे नहीं भेजा गया। यह मुद्दा उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर के सामने उठाया। उन्होंने तुरंत इस पर कार्रवाई की और स्वर्णजीत कौर को वापस भेजने की व्यवस्था की।
संत सीचेवाल ने कहा कि अरब देशों में पंजाब के गरीब परिवारों को उनकी कठिनाइयों का अनुचित लाभ उठाकर और उन्हें उच्च वेतन का लालच देकर धोखा दिया जाता है। उन्होंने पंजाब के लोगों से अरब देशों में जाने से पहले वहां के सभी हालात की जानकारी लेने की अपील की। उन्होंने पंजाब सरकार से बिना लाइसेंस के इमीग्रेशन का कारोबार करने वाले ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की भी अपील की।
'कई जिलों की लड़कियां नारकीय जीवन जीने को विवश’
स्वर्णजीत कौर ने बताया कि जालंधर, होशियारपुर, अमृतसर समेत कई जिलों की लड़कियां मस्कट में नारकीय जीवन जी रही हैं। जिस फ्लाइट से वह लौटी हैं, उसमें करीब 12 भारतीय लड़कियां थीं। यह सभी वहां फंस चुकी थीं। उन्होंने कहा कि ट्रैवल एजेंटों के झूठे वादों के कारण कई लड़कियां अब भी वहां फंसी हैं।