फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Punjab Weather News: सामान्य से 295% अधिक बारिश, समाना में बिजली गिरने से एक की मौत, होशियारपुर में नहर टूटी

Wed, 05 Jul 2023 03:51 PM IST
निवेदिता वर्मा अमर उजाला/संवाद, पटियाला/पंचकूला/लुधियाना/होशियारपुर

सार

मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक अगले तीन दिन पंजाब में ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है, इससे फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत रहेगी। खासतौर से मौसम विभाग ने छह, सात व आठ जुलाई के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
विज्ञापन
अमृतसर में बरसात - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब में बुधवार को जोरदार बारिश से काफी नुकसान हुआ। राज्य में सामान्य से 295% ज्यादा बारिश दर्ज की गई। लुधियाना में सर्वाधिक 103.8 एमएम बारिश हुई। पंचकूला के गांव महादेवपुर में बरसाती नाले में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। एनडीआरफ की टीम ने शवों को बाहर निकाला। मारे गए दोनों किशोरों का नाम दीपक है। एक की उम्र 16 व दूसरे की 17 साल है। दोनों चंडीगढ़ के मनीमाजरा के रहने वाले थे। बारिश के कारण नाले में बहाव काफी तेज था। एक किशोर को तैरना नहीं आता था, जबकि दूसरा उसे बचाने के लिए कूद गया। दोनों की मौत हो गई। 

विज्ञापन


लुधियाना के कोटमंगल सिंह नगर इलाके में ट्यूबवेल का शेड गिरने से उसके नीचे खड़े पांच लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समाना में बिजली गिरने से किसान की मौत हो गई। भारी बारिश के कारण होशियारपुर में कंडी नहर टूट गई। अमृतसर, लुधियाना व जालंधर जैसे बड़े शहरों में जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने चार दिन के लिए राज्य में यलो अलर्ट जारी किया है।

लुधियाना में बारिश से गोबिंद नगर स्थित स्मार्ट स्कूल की दीवार गिर गई और इसके साथ खड़ी गाड़ियां मलबे में दब गईं। जालंधर में भी पेड़ गिरने से एक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पटियाला के समाना के गांव घियौरा में खेतों में काम कर रहे किसान की बिजली गिरने से मौत हो गई। उसे तुरंत समाना के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी सतपाल सिंह ने बताया कि 45 वर्षीय बलजिंदर सिंह दोपहर करीब डेढ़ बजे खेत में काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि जब बिजली गिरी तो किसान के हाथ में लोहे का फावड़ा था। वह बुरी तरह झुलस गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

विज्ञापन
विज्ञापन

होशियारपुर के गढ़शंकर के गांव चक्क रौंता के पास कंडी नहर टूट गई, जिससे पानी खेतों में घुस गया। कंडी नहर के दो एक्सईएन चरनजीत सिंह व हैप्पी सिंह ने बताया कि अब नहर में पानी बंद करवा दिया गया है। स्थिति नियंत्रण में है। किसानों का कहना है कि फसल को काफी नुकसान हुआ है। बुधवार को तेज बारिश से तापमान में 5.5 डिग्री की बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जिससे पारा सामान्य से 5.1 डिग्री नीचे पहुंच गया। बुधवार को 3.5 मिमी की सामान्य बारिश के मुकाबले पंजाब में मिमी की बारिश हुई।

 यह सामान्य से 295 फीसदी ज्यादा है। इससे पंजाब का पारा लुढ़क कर 35.2 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी कर दिया है। जिसके तहत अगले चार दिन पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश होगी। इस दौरान तेज आंधी-तूफान चलने व बिजली चमकने की भी संभावना है। जिससे तापमान में आने वाले दिनों में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

वाहन सावधानी से चलाने की सलाह

मौसम विभाग ने एक एडवाइजरी भी जारी की है, जिसके तहत लोगों को बारिश के दौरान सावधानी से वाहन चलाने को कहा है। इसके अलावा पेड़ों के नीचे आश्रय न लेने और जलस्रोतों के पास न जाने की भी सलाह दी गई है।

कहां कितनी बारिश

लुधियाना 103.8, अमृतसर में 17.0, पटियाला में 21.0, चंडीगढ़ में 20.3, फिरोजपुर में 40.5, गुरदासपुर में 33.5, जालंधर में 47.0, रोपड़ में 64.0, एसबीएस नगर में 80.0 एमएम बारिश हुई। बठिंडा का सबसे अधिक 35.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। अन्य शहरों में अमृतसर का पारा 28.2 डिग्री, लुधियाना का 28.5, पटियाला का 31.5, पठानकोट का 28.9, गुरदासपुर का 32.0, एसबीएस नगर का 28.2 और रोपड़ का 29.8 डिग्री दर्ज किया गया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें