पंजाब में रविवार को मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग की ओर से सूबे के सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य 16 जिलों को यलो अलर्ट पर रखा गया है। हालांकि सोमवार से बारिश थमने की संभावना है। भारी बारिश की चेतावनी के बीच शनिवार को बरनाला जिला सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार जिन सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है उनमें माझा के पठानकोट, गुरदासपुर, दोआबा के होशियारपुर, नवांशहर और पूर्वी मालवा के फतेहगढ़ साहिब, रोपड़ एवं मोहाली को शामिल किया गया है। अन्य 16 जिलों में भी भारी बारिश की संभावनाओं को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
भारी बारिश की चेतावनी के बीच शनिवार को अधिकांश जिलों में हल्की बूंदाबांदी ही हुई। हालांकि दिन भर राज्य में काले बादल छाए रहे। अगले पांच दिनों के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार से बारिश का दौर थमेगा। 11 जुलाई को माझा और दोआबा में कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की आशंका है। पश्चिम मालवा के जिलों में मौसम खुला रहेगा। पूर्वी मालवा में कुछ स्थानों पर हल्की बौछार की संभावना है। बारिश के बीच भी लोगों को गर्मी ने काफी परेशान किया। राज्य के सभी जिलों में दिन का तापमान 35 से अधिक रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान की बात करें तो कुछ जिलों में सामान्य से एक दो डिग्री की गिरावट देखी गई है।