प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को मिलने के मुद्दे पर चन्नी ने बताया कि दोनों शख्सियतों के साथ उनकी मुलाकात एक शिष्टाचार मुलाकात थी। शायद अकाली इस बात को भूल गए हैं कि मैंने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर श्री करतारपुर साहिब गलियारा फिर खोलने पर जोर दिया है और इसके साथ-साथ तीन काले कृषि कानूनों को वापस लेने की बार-बार विनती की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा के मुद्दों पर केंद्र सरकार के साथ बैठकों के दौरान उन्होंने हमेशा यह एक स्वर में स्टैंड लिया है कि अंतरराष्ट्रीय सरहदों को सील किया जाना चाहिए, जिससे नशा पंजाब में दाखिल न हो सके। उन्होंने कहा कि मैंने कभी भी उनको राज्य में बीएसएफ का अधिकार क्षेत्र बढ़ाने के लिए नहीं कहा, जिसके बारे में मेरे ऊपर झूठे दोष लगाए जा रहे हैं। मैं भारत सरकार के इस कदम का सख्त विरोध करता हूं।
सरकार का प्रस्ताव देश की सुरक्षा का राजनीतिकरण करना है: भाजपा
पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा है कि यह प्रस्ताव राजनीतिक अवसरवादिता और देश की सुरक्षा का राजनीतिकरण करने के बराबर है। उपमुख्यमंत्री द्वारा सदन में दिया गया बयान राष्ट्र की सीमाओं की सुरक्षा की समझ की कमी और उस चुनौती के प्रति असंवेदनशीलता को दर्शाता है।
बीएसएफ के अधिकार क्षेत्र के विस्तार के साथ, राज्य पुलिस वास्तव में अपने कर्तव्यों का पालन करने की और बेहतर स्थिति में होगी, क्योंकि उसे बीएसएफ से और भी खुफिया जानकारी मिलेगी और अपराध को रोकने में भी सहायता मिलेगी। कांग्रेस द्वारा इसे भी राजनीतिक अवसरवाद लिए प्रयोग किया जाना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे भी अधिक गंभीर बात यह है कांग्रेस का यह कदम राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बन गया है।