सचिव पहुंचीं मोहाली, तैयारियों का लिया जायजा
पहले टूरिज्म समिट और ट्रेवल मार्ट की तैयारियों का जायजा लेने शनिवार को पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के विभाग की प्रमुख सचिव राखी गुप्ता भंडारी मोहाली पहुंचीं। एमिटी यूनिवर्सिटी में तैयारियों का जायजा लेने के बाद उन्होंने सिविल और पुलिस अधिकारियों से मीटिंग की। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से राज्य के पर्यटन को विश्व के नक्शे पर लाने के मकसद से यह समिट करवाया जा रहा है और हमारी सबकी जिम्मेदारी है कि यह प्रोग्राम सफलतापूर्वक पूरा हो।
उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यटन की अथाह संभावनाएं हैं। कुदरत ने हमें खूबसूरत नदियां, पहाड़ और मैदान दिए हैं, जो हर एक को अपनी ओर आकर्षित करता है। उन्होंने कहा कि पंजाब में धार्मिक पर्यटन फला-फूला है, अब हमारा लक्ष्य पंजाब की कुदरती सुंदरता वाले स्थानों को लोगों के सामने पेश करने का है।
पंजाबी व्यंजन परोसे जाएंगे मेहमानों को
इस समिट में आने वाले प्रत्येक मेहमान का पूरा ख्याल रखा जाएगा। पंजाब के सरसों के साग, गुड़ वाली चाय से लेकर विभिन्न जिलों के लोकल पकवान व व्यंजन उन्हें परोसे जाएंगे। संस्थान में गाइड तैनात किए जाएंगे, जो उन्हें अंग्रेजी, पंजाबी और हिंदी में इलाके की खूबियां बताएंगे। सरकार की कोशिश है कि जो एक बार यहां आए। वह दोबार घूमने के लिए पहुंचे। इसके अलावा गीत संगीत का भी प्रोग्राम रहेगा।