फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Punjab: विधायक के कहने पर ही रिश्म ने लिए थे पैसे, शिकायतकर्ता बोला-कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हूं

Fri, 17 Feb 2023 05:04 PM IST
निवेदिता वर्मा संवाद न्यूज एजेंसी, बठिंडा (पंजाब)

सार

अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने कहा कि आप सरकार ने कहा था कि उनकी पार्टी एक ईमानदार पार्टी है और सभी विधायक ईमानदार हैं। लेकिन अब हर महीने उनके किसी मंत्री या विधायक का नाम भ्रष्टाचार के साथ जुड़ रहा है। जिनको सरकार की ओर से बचाने का प्रयास किया जाता है।
विज्ञापन
आरोपी रिशम को पकड़ कर ले जाती पुलिस। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बठिंडा देहाती के आप विधायक अमित रत्न के करीबी रिशम गर्ग को चार लाख रुपये की रिश्वत समेत पकड़ने का मामला तूल पकड़ चुका है। शुक्रवार को विजिलेंस ने रिशम को अदालत में पेश किया जहां से अदालत ने उसे बीस फरवरी तक रिमांड पर भेज दिया है। विजिलेंस के एसएसपी हरपाल सिंह का कहना था कि रिमांड के दौरान कई खुलासा हो सकता है।

विज्ञापन


गुरुवार शाम को बठिंडा सर्किट हाउस के गेट पर रिशम गर्ग को चार लाख रुपये की रिश्वत के साथ विजिलेंस की टीम ने गिरफ्तार किया था। रिशम की गिरफ्तारी के दौरान बठिंडा देहाती के आप विधायक अमित रत्न भी सर्किट हाउस के अंदर वीआईपी कमरे में मौजूद थे। विजिलेंस ने कई घंटों तक आरोपी और आप विधायक से पूछताछ की थी।

शिकायतकर्ता प्रितपाल कुमार ने शुक्रवार को बताया कि उसकी पत्नी सीमा रानी गांव घुदा की सरपंच है। उन्होंने आरोप लगाया कि बठिंडा देहाती से आप विधायक अमित रत्न ने गांव घुदा के विकास के लिए आई सरकारी ग्रांट को जारी करवाने के लिए पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। विधायक के कहने पर ही उसने सबसे पहले एक लाख रुपये की किश्त रिशम गर्ग को दी थी। इसके बाद कुछ ग्रांट जारी हो गई थी। उसने बताया कि बाकी चार लाख रुपये भी विधायक रत्न के कहने पर ही रिशम उनसे मांग रहा था। उसने बताया कि जब रिशम उन पर ज्यादा दबाव बनाने लगा तो उसने विजिलेंस ब्यूरो को शिकायत देकर विधायक अमित रत्न और रिशम गर्ग के खिलाफ कारवाई की मांग की। 
विज्ञापन


उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम को रिशम गर्ग ने उन्हें सर्किट हाउस में बुलाया और चार लाख रुपये लिए। विजिलेंस टीम ने मौके पर ही आरोपी रिशम को पकड़ लिया। शिकायतकर्ता ने कहा कि विजिलेंस द्वारा केवल रिशम पर की गई कार्रवाई से वह नाखुश है। आप विधायक अमित रत्न को भी इस मामले में नामजद करवाने के लिए कानूनी प्रक्रिया अपनाएंगे। 

आरोपी रिशम को शुक्रवार दोपहर विजिलेंस की टीम द्वारा अदालत में पेश किया गया। जहां से अदालत ने आरोपी को बीस फरवरी तक रिमांड पर भेज दिया। विजिलेंस के एसएसपी हरपाल सिंह का कहना था कि रिमांड के दौरान खुलासा हो सकता है।

पूरी शिकायत आप विधायक के खिलाफ : शिकायतकर्ता
शिकायकर्ता प्रितपाल कुमार ने कहा कि रिश्वत के इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड आप विधायक अमित रत्न है। उन्होंने अपनी शिकायत में आप विधायक अमित रत्न का जिक्र भी किया। आप विधायक के कहने पर ही रिशम ने उनसे रिश्वत ली थी लेकिन उसके बावजूद विजिलेंस ने आप विधायक को सरकार के दवाब में छोड़ दिया। शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में कहा था कि गांव घुदा में गुरदास सिंह नामक व्यक्ति को नंबरदार लगवाने के लिए भी रिशम गर्ग ने आप विधायक के कहने पर ढाई लाख रुपये की रिश्वत ली थी।

सुखबीर बादल ने सीएम मान और केजरीवाल पर उठाए सवाल 
अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने कहा कि आप सरकार ने कहा था कि उनकी पार्टी एक ईमानदार पार्टी है और सभी विधायक ईमानदार हैं। लेकिन अब हर महीने उनके किसी मंत्री या विधायक का नाम भ्रष्टाचार के साथ जुड़ रहा है। जिनको सरकार की ओर से बचाने का प्रयास किया जाता है। अब बठिंडा देहाती के विधायक अमित रत्न कोटफत्ता को भी रंगे हाथ पकड़ा गया है, जिसकी सरपंच के पास बाकायदा पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगने की रिकार्डिंग भी है। जब विजिलेंस की ओर से रेड की गई तो अमित रत्न भी वहीं पर था। उसको अब बचाया जा रहा है। 

सुखबीर बादल ने कहा कि अमित रत्न एक भ्रष्ट व्यक्ति है। जिसने अकाली दल में रहते हुए पहले काफी लोगों से ठगी की थी। इस मामले की जांच करवाने के लिए अकाली दल द्वारा सिकंदर सिंह मलूका की अगुवाई में कमेटी का गठन किया गया था। लोगों से ठगी की बात सामने आने पर उसको पार्टी से निकाल दिया गया था। उन्होंने कहा कि अमित रत्न को तो करप्शन की बीमारी भी है। उन्होंने भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल से भी कहा कि इतने सबूत हैं कि अमित रत्न को रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने सवाल किया कि भगवंत मान व केजरीवाल अमित रत्न को इसलिए तो नहीं बचा रहे कि रिश्वत का पैसा उन तक भी पहुंच रहा है?
विज्ञापन


 

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें