मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने राज्य में कोविड के विरुद्ध लड़ाई में राधा स्वामी सत्संग ब्यास से सहयोग मांगा है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सभी डिप्टी कमिश्नरों को भी इस संबंध में सत्संग की अलग-अलग शाखाओं में अधिकृत प्रतिनिधियों के साथ तालमेल बनाने का आदेश दिया।
डेरा ब्यास के प्रमुख गुरिंदर सिंह ढिल्लों को लिखे पत्र में मुख्यमंत्री ने उन्हें कोविड मरीजों के इलाज के लिए सभी शाखाएं उपलब्ध करवाने और इस उद्देश्य के लिए अटेंडेंट तैनात करने की भी अपील की है। उन्होंने डेरा ब्यास के प्रमुख को राज्य में कोविड प्रभावित लोगों के लिए दवाएं और अन्य राहत सामग्री के रूप में सहायता देने की भी विनती की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भले ही राज्य सरकार ‘मिशन फतेह’ के अंतर्गत कोविड मरीजों के बेहतर इलाज को यकीनी बनाने के प्रयास कर रही है लेकिन लगातार बढ़ रहे मामलों के मद्देनजर धार्मिक संस्थाओं, गैर-सरकारी संस्थाओं और अन्य ऐसी जत्थेबंदियों के व्यापक सहयोग की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने बीते साल राज्य की कोविड के विरुद्ध जंग में राधा स्वामी सत्संग ब्यास की शानदार सेवाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इससे हालात को स्थिर बनाने में मदद मिली थी। उन्होंने कहा कि इस साल महामारी और भी घातक और जानलेवा है, जिस कारण इससे निपटने के लिए डेरे की सहायता की जरूरत है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों ने भी चेतावनी दी है कि आगामी लहर और भी खतरनाक होगी, जिस कारण सभी के साझे प्रयासों की जरूरत है, ताकि ‘मिशन फतेह’ की सफलता को यकीनी बनाया जा सके।