फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब: पुलिस और सामाजिक संस्थाएं बनी मसीहा, लोगों तक यूं पहुंचाया खाना, गांवों को अभी भी इंतजार

Sat, 28 Mar 2020 11:30 AM IST
ajay kumar संवाद न्यूज एजेंसी, पंजाब
विज्ञापन
पंजाब पुलिस
विज्ञापन

केंद्र व पंजाब सरकार ने भी देश में लॉकडाउन को लेकर जरूरतमंद लोगों को सुविधा देने का एलान किया है। शुक्रवार को एसएसपी संदीप गोयल ने कर्फ्यू के दौरान पुलिस कर्मचारियों व एनजीओ के सहयोग से जरूरतमंद लोगों को राशन के एक हजार पैकेट बांटे। खाने की सामग्री के ट्रक को महिला पुलिस कांस्टेबल व होमगार्ड के कर्मचारियों से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 

विज्ञापन


एसएसपी गोयल ने कहा जरूरतमंद परिवारों की पहचान की जा रही है, ताकि उनको भी राशन मुहैया करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि अगर आम लोगों को कोई जरूरतमंद दिखाई देता है तो उसकी जानकारी सीधे तौर पर पुलिस को दी जाए या फिर 112 नंबर पर बताया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पैकेट में एक किलो चीनी, एक किलो चावल, एक किलो दाल, दो किला आटा, 250 सो ग्राम चाय पत्ती, नमक एक थैली, मिर्च, हल्दी, सब्जी मसाला, के पैकेट बनाकर एक हजार जरूरतमंद लोगों की पहचान करके हंडिआया व बरनाला में बांटे गए हैं।

सुनाम: दो सौ परिवारों तक घर-घर पहुंचाया जाएगा राशन

एसडीएम मनजीत कौर ने जरूरतमंद परिवारों को निशुल्क राशन देने की मुहिम का आगाज किया। शुक्रवार को राशन से भरे दो टेंपो रवाना करने से पहले पत्रकारों से बातचीत करते एसडीएम ने बताया कि सरकार व जिला प्रशासन के निर्देशों के तहत सुनाम इलाके में जरूरतमंद परिवारों को निशुल्क राशन देने का अभियान शुरू किया गया है। राशन बांटने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं और पटवारियों का सहयोग लेकर दो सौ परिवारों को आज राशन बांटा जाएगा। 

उन्होंने सामुदायिक दूरी को बनाए रखने के लिए डोर टू डोर राशन बांटा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का पूरा ध्यान इस तरफ है कि भोजन से कोई भी परिवार महरूम नहीं रहे। प्रशासन तक आ रही फीड बैक व औपचारिक जानकारी के आधार पर जरूरतमंदों तक राशन हर हाल में पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने निजी समाज सेवी संस्थाओं से अपील की कि लोगों की सेवा करते समय एक जगह पर भीड इकट्ठी नहीं होने दें। ऐसी व्यवस्था बनाएं कि लोगों के बीच कम से कम तीन मीटर की दूरी रहें, तभी कोरोना वायरस पर अंकुश लगाने में सफलता हासिल होगी।

आम लोगों से अपील करते हुए एसडीएम ने कहा कि घरों से बाहर नहीं निकलें। इस वक्त सावधान, संयम व सहयोग देने की जरूरत है। इस मौके पर तहसीलदार कुलदीप सिंह, नायब तहसीलदार मनमोहन सिंह व अमित कुमार, राजेश कुमार, मनजीत सिंह आदि हाजिर रहे।

अबोहर: झुग्गी झोपड़ी वालों को बांटी खाद्य सामग्री

कर्फ्यू के दौरान सबसे अधिक परेशानी उन गरीब लोगों को हो रही है जो झुग्गी झोपड़ी में रहते हुए मेहनत मजदूरी करके अपना जीवन यापन करते थे। इन लोगों की समस्या को देखते हुए गांव निहालखेडा के सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल में स्थापित आइसोलेशन सेंटर के इंचार्ज व उनकी टीम द्वारा पुलिस के सहयोग से निहालखेडा के निकट झुग्गी झोपडी में रहने वाले लोगों को खाद्य सामग्री वितरित की गई।

सेंटर इंचार्ज सुखदेव सिंह गिल ने बताया कि नोडल अफसर लाल चंद, पंजाब पुलिस के एएसआई अंग्रेज सिंह, सतवीर सिंह, इंजीनियर दीपक कुमार, अध्यापक संदीप कुमार व समाज सेवक मदन लाल के सहयोग से जरूरतमंद लोगों को आटा दाल, सब्जी, तेल, चीनी व चाय पत्ती के पैकेट वितरित किए गए। उन्होंने सभी गांववासियों को अपने आसपास साफ सफाई रखने व घरों से बाहर न जाने के लिए प्रेरित किया। नो

सब्जी खरीदने के लिए मंडी आने वालों पर होगी कार्रवाई: एसएसपी
दो दिनों से राजपुरा सब्जी मंडी में भीड़ इकट्ठी होने पर डिप्टी कमिश्नर और एसएसपी ने कड़े तेवर अपना लिए हैं। एसएसपी ने कहा है कि सब्जी खरीदने के लिए मंडी आने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दोनों अधिकारियों ने राजपुरा सब्जी मंडी का दौरा किया और जरूरी आदेश दिए। 

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि लोगों को सब्जियां घर-घर तक पहुंचाने के लिये रेहड़ीवालों को कर्फ्यू के समय सब्जी बेचने की इजाजत दी गई है, जो घर-घर जा कर सब्जी बेच रहे हैं। मंडी में आम लोगों को आकर सब्जी खरीदने की इजाजत नहीं है। यह भीड़ हमारे परिवार व समाज के लिये घातक सिद्ध हो सकती है। 

एसएसपी मनदीप सिंह सिधू ने पुलिस अधिकारियों को आदेश देते हु़ए कहा कि मंडी में किसानों व रेहड़ीवालों के अलावा अगर कोई अन्य व्यक्ति सब्जी लेने के लिए आता है तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। 

बठिंडा में ग्रामीण क्षेत्रों में नहीं पहुंची सहायता 

बठिंडा में अभी लोगों तक नहीं पहुंची मदद।
कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लगे कर्फ्यू दौरान जिले के अधिकतर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले अनुसूचित जाति के परिवारों तक प्रशासन सहायता नहीं पहुंचा पा रहा। इससे दुखी होकर लोगों ने सहायता लेने के लिए अपने हल्का प्रभारी से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक को ईमेल एवं फोन कर अपने हालातें के बारे में अवगत करवाया पर किसी ने कोई सुनवाई नहीं की। 

जिले के गांव जोधपुर रोमाणा की टिब्बा बस्ती में में रहने वाले गगनदीप कौर, मक्खन सिंह, काला सिंह, कर्मजीत सिंह, गुरचरन कौर ने बताया कि उनके समेत सभी परिवार दिहाडी एवं मजदूरी कर रोज कमाकर खाने वाले है। जब से कर्फ्यू लगा है, तब से उनके परिवारों के हालात बद से बदतर होते जा रहे है। छोटे बच्चों को पिलाने तक के लिए दूध नहीं और उनके खुद के लिए रोटी बनाने को अनाज नहीं है। कई परिवार ऐसे है, जिन्होंने पिछले दो दिन खाना नहीं खाया। 

गगनदीप ने बताया कि वीरवार को उन्होंने कांग्रेसी नेता हरविंदर सिंह लाडी और मुख्य मंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के कार्यालय में फोन कर सहायता की गुहार लगाई तो कांग्रेसी नेता ने तो किसी थाना प्रभारी का नंबर देते हुए उसे फोन करने को कह दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय में फोन उठाने वाले अधिकारी ने कहा कि जिले के डिप्टी कमिश्नर को एक करोड़ रूपए का फंड जारी कर दिया अब उनके हाथ में कुछ नहीं है। गगनदीप ने बताया कि उसने सभी परिवारों की वीडियो बनाकर भी भेजी थी, कोई सुनवाई नहीं की गई। 

डिप्टी कमिशनर बी श्रीनिवासन से जब संपर्क किया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। कांग्रेस के देहात अध्यक्ष हरविंदर सिंह लाडी का कहना था कि उन्होंने चार थाना प्रभारियों की ड्यूटी लगा दी है, जो गरीब परिवारों तक पुलिस टीम के जरिये राशन पहुंचाएंगे। बठिंडा देहाती से आप विधायक रूपिंदर कौर रूब्बी कौर का कहना था कि वह अपने हल्के के सभी वर्ग के लोगों की सहायता कर रही है। इस के अलावा उन्होंने अपने फंड से राहत सामग्री समेत मास्क तैयार करवाकर लोगों को वितरित कर दिए गए है। उन्होंने सभी राजनीतिक पार्टियों को अपील की कि राजनीति से ऊपर उठकर मानवता की सेवा की जाए।

तरनतारन में घर-घर तक पहुंचेगा दो वक्त का खाना

कोरोना वायरस के मद्देनजर भले ही कर्फ्यू लगा हुआ है, इसके बावजूद गरीब वर्ग के लोगों को भूखा नहीं रहना पड़ेगा। इन परिवारों तक दो वक्त का खाना पहुंचाने की जिम्मेदारी युवा कांग्रेसी डॉ. संदीप अग्निहोत्री ने संभाली है। मास्क पहनकर और सैनिटाइजर प्रयोग करके हलवाइयों की ओर से लंगर तैयार कराकर बांटा जा रहा है। शहर की सभी वार्डों में यह लंगर जरूरतमंदों तक पहुंचाने लिए टीम बनाई गई है। डॉ. अग्निहोत्री ने कहा कि यह जिम्मेदारी सामाजिक तौर पर निभा रहे है।

सुनाम: एक समय का खाना छोड़ दिया था, समाजसेवकों ने बढ़ाया हाथ 
कर्फ्यू का सबसे बड़ा खामियाजा झुग्गी झोंपड़ी में रहने वाले लोग भुगत रहे हैं। पिछले छह दिन से इन लोगों का धंधा चौपट होने के साथ ही रोटी के लाले पड़ गए। यहां अभी तक सरकार नहीं पहुंच सकी है। नई अनाज मंडी के पीछे बसते सौ परिवारों ने बच्चों के लिए खुद एक समय का भोजन त्याग दिया था, लेकिन इसी दौरान धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं ने दो दिन पहले यहां दस्तक दी और दो समय पर यहां पका हुआ भोजन बांटना शुरू किया है। विनोद ने बताया कि उनके परिवारों की हालत नाजुक है। डेरा मिरगां वाला जाखल रोड के सेवादार सुरिंदर सिंह ने बताया कि दो दिन से यहां दोनों वक्त पका हुआ खाना बर्तनों में रखकर ट्रैक्टर ट्राली पर लाते हैं। 

जरूरतमंदों को राशन मुहैया कराने को आगे आई पटियाला पुलिस 

कोरोना को हराने के पुलिस ने भी कमर कस ली है। एक तरफ जहां कर्फ्यू में जिला मजिस्ट्रेट के आदेशों को लागू करवा रही है, वहीं जरूरतमंद लोगों को राशन और अन्य जरूरी वस्तुएं मुहैया करवाने का भी काम भी शुरू कर दिया है। पुलिस सैनिटाइजर और मास्क भी बांट रही है। एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि सब डिवीजनों में सभी थानों के एसएचओ अपनी टीमों के साथ जरूरतमंदों तक पहुंच बना रहे हैं। 

इस तहत एसपी (सिटी) वरुण शर्मा, एसपी (डी) हरमीत सिंह हुंदल, डीएसपी (जांच) कृष्ण कुमार पैंथे, डीएसपी घन्नौर मनप्रीत सिंह, डीएसपी ग्रामीण अजयपाल सिंह, डीएसपी राजपुरा अकाशदीप सिंह अपनी ड्यूटी के साथ-साथ इस अभियान में लग गए हैं। 

उन्होंने बताया कि इसी तरह थाना घन्नौर, शंभू, बनूड़, खेड़ी गंडियां, लाहौरी गेट, अर्बन एस्टेट, थाना सदर, त्रिपड़ी, थाना कोतवाली पटियाला, सन्नौर, सिटी समाना, शुतराना, घग्गा, भादसों, सिटी समाना, सिटी पातड़ां, चौकी कस्तूरबा राजपुरा, बादशाहपुर के इंचार्ज ने भी अपने इलाकों में झुग्गी झोपड़ियों सहित अन्य जरूरतमंदों को उनकी जरूरत मुताबिक जरूरी सामान बांटा।

फिरोजपुर: घरों तक जरूरी सामान पहुंचाने की मुहिम तेज

कर्फ्यू के बीच लोगों तक जरूरी वस्तुएं पहुंचाने की मुहिम को और तेज कर दिया गया है। मंडी बोर्ड व जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग समेत विभिन्न विभाग लोगों तक जरूरी सेवाएं पहुंचाने का कार्य में जुटे हैं। वेरका की तरफ से रोजाना दस हजार लीटर के करीब दूध जिले में सप्लाई किया जा रहा है। जीएम मिल्कफैड एसएस गिल ने बताया कि लोगों तक दूध, दही व अन्य डेयरी प्रोडक्ट पहुंचाए जा रहे हैं।  

इसी तरह वेंडर्स के मोबाइल नंबर्स की लिस्ट भी लोगों तक पहुंचाई गई है। करीब दस हजार लीटर दूध रोजाना जिले में सप्लाई किया जा रहा है। जिला मंडी अधिकारी एमएस बेदी ने बताया कि सब्जी मंडी से रोजाना सब्जियों व फलों की सप्लाई रेहड़ियों के जरिये जिले में सुनिश्चित करवाई जा रही है। गलियों-मोहल्लों में सप्लाई करने वालों की सूची भी पब्लिक को दी गई है। इस सूची के तहत लोग अपने इलाके के रेहड़ी व फड़ी वाले को फोन करके घर पर फल-सब्जियां मंगवा सकते हैं। 

‘घरों में रहें, घबराने की जरूरत नहीं’
विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने शुक्रवार को गरीब व जरूरतमंद लोगों में लंगर और फूड पैकेट वितरित किए। इससे पहले उन्होंने समाजसेवी व धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया।  विधायक ने कहा कि लोगों के जज्बे को सलाम है, जिनकी बदौलत संकट की इस घड़ी में जरूरतमंद लोगों तक खाना पहुंच रहे हैं। 

आने वाले दिनों में लोगों तक राहत पहुंचाने की मुहिम को और तेज किया जाएगा। उन्होंने लोगों को मुसीबत की इस घड़ी में पार्टीबाजी से ऊपर उठकर लोगों की मदद की अपील की है। विधायक बताया कर्फ्यू के दौरान गरीब व जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए राशन के आठ हजार पैकेट तैयार किए गए हैं, जिन्हें हलके में बांटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को घबराने की कोई भी जरूरत नहीं है, वह किसी भी घर में राशन की तंगी नहीं आने देंगे।
विज्ञापन

फरीदकोट: ग्रामीण क्षेत्र में सुबह 3 घंटे खुलेगी दुकानें

डिप्टी कमिशनर कुमार सौरभ राज ने जिले में कर्फ्यू के दौरान शुक्रवार को एक बड़ी राहत देने के आदेश जारी किए गए। इसके तहत जिले के ग्रामीण क्षेत्र में सहकारी सभाओं की दुकानों समेत राशन, डेयरी, दवाओं और फल व सब्जी की दुकानों को सुबह 6 बजे से 9 बजे तक खोलने की इजाजत दे दी है। 

इसके अलावा उक्त समय अवधि के दौरान ही ग्रामीण क्षेत्र के साथ साथ शहरी क्षेत्र में मार्कफेड की दुकानों को भी खोलने की इजाजत दे दी है। अपने आदेश में डीसी ने कहा कि छूट के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की हिदायतों का पालन करना और सामाजिक दूरी रखना जरूरी होगा जिसे लागू करवाने की जिम्मेदारी संबंधित दुकानदार के साथ गांव के सरपंच, पंचायत सचिव, नंबरदार और जीओजी की होगी।

एक अन्य आदेश में जिला मजिस्ट्रेट ने जिले के ईंट-भट्ठों और शैलरों में कार्य करने वाले मजदूरों की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने की मंशा से मालिक को कर्फ्यू के दौरान सुबह 6 बजे से 8 बजे तक अपने वाहन पर इकाई में में जाने की इजाजत दी है। इस छूट के तहत भठ्ठा व शैलर मालिक अपने मजदूरों की जरूरतें पूरी करने के बाद हर हाल में सुबह 9 बजे अपने घर वापस आने को पाबंद रहेंगे।  

नहरबंदी स्थगित ,बाधित नहीं होगी जल सप्लाई 
नहरी विभाग के बठिंडा मंडल ने लोगों की मुश्किलों को ध्यान में रखते हुए 27 मार्च से 15 अप्रैल तक प्रस्तावित नहरबंदी को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। कार्यकारी इंजीनियर जीएस बाहिया ने बताया कि अब जिला फरीदकोट की तमाम नहरों व रजबाहों में पानी चलता रहेगा और वाटर वर्क्स के माध्यम से लोगों को मिलने वाली पेयजल सप्लाई भी प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने किसानों से आह्वान किया है कि वह नहरी पानी का ज्यादा से ज्यादा से उपयोग करें और किसी भी हालात में नहर के मोघे न बंद करें।

गुरदासपुर में राशन, कर्फ्यू पास के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी 
गुरदासपुर में कर्फ्यू के दौरान लोगो को कोई मुश्किल पेश न आए इस संबंधी जिला प्रशासन पूरे प्रबंध कर रहा है। कर्फ्यू के दौरान आम लोगो की सुविधा को मुख्य रखते हुए दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए है। यह जानकारी  डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद इश्फाक ने दी। उन्होंने बताया कि राशन संबंधी जानकारी हासिल करने के लिए 95014-04472 मोबाइल नंबर और कर्फ्यू संबंधी पास बनाने के लिए 79737-48170 मोबाइल नंबर जारी किए गए गए है। नंबर 24 घंटे काम करेंगे। लोग की ओर से उक्त नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें