बारिश के बीच ड्यूटी देता पुलिस जवान।
भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के ब्लाक अध्यक्ष जसवंत सिंह तोलावाल ने बताया कि बरसात से गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है। गेहूं की फसल करीब पकने को तैयार थी। हवाओं के कारण खड़ी फसल के खेतों में बिछने से गेहूं का दाना गिरने की संभावना है और इसका सीधा असर फसल के झाड़ पर पडे़गा। किसान तो पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। कर्फ्यू ने हालात गंभीर बना दिए हैं। उन्होंने बताया कि सुनाम व दिडबा इलाकों में भारी बरसात हुई है और यहां गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है।
किसान परमजीत सिंह ने कहा कि आसपास के गांवों में भारी बरसात होने के कारण फसल को नुकसान हुआ है। भाकियू के जिलाध्यक्ष अमरीक सिंह ने कहा कि सरकार को तुरंत ही होने वाले नुकसान का आंकलन करके पीड़ित किसानों की मदद करनी चाहिए। पंजाब की किसानी तो पहले से ही घोर आर्थिक संकट का सामना कर रही है। प्रकृतिक प्रकोप को झेलने की क्षमता किसानों में नहीं है, लिहाजा सरकार इसकी भरपाई करे।
कोरोना की समस्या के चलते लगाए गए कर्फ्यू के कारण एक ओर जहां लोगों को भारी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है, वहीं शुक्रवार सुबह से हो रही भारी बरसात ने उनकी परेशानियों में इजाफा किया है। सुबह करीब 8 बजे के बाद हुई अचानक बरसात से शहर के साथ-साथ गांवों में भी गलियां भी जलमग्न हो गईं।
किसानों ने कहा कि पिछले दिनों हुई ओलावृष्टि से गेहूं, सरसों सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ था। अब जिन किसानों की सरसों की फसल पक कर तैयार खड़ी है। वह बरसात में खराब हो रही है। किसानों ने बताया कि बरसात में गीली हुई सरसों की पकी हुई फलियां धूप निकलते ही अपने आप फटने लगती हैं। किसानों का कहना है कि एक ओर तो पुलिस प्रशासन उन्हें घरों से बाहर नहीं निकलने दे रहा वहीं खेतों में उनकी फसलें तबाह हो रही हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक समस्या का सामना करना पड़ सकता हैं।
बठिंडा में तीन एमएम बारिश से किसानों की चिंता बढ़ी
बठिंडा में शुक्रवार को दोपहर के करीब हुई बारिश से किसानों की चिंता बढा दी है। तीन एमएम बारिश होने के साथ एकदम ठंड बढ़ गई। हालांकि बारिश से फसलों का कोई नुकसान नहीं हुआ। मौसम विभाग के अधिकारी राज कुमार ने बताया कि शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 13.0 और अधिकतम 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों तक हल्की बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को तीन एमएम बारिश दर्ज की गई। किसान नेता बलदेव सिंह का कहना था कि गेहूं की फसल पक चुकी है। कर्फ्यू के कारण किसान फसल काट नहीं पा रहे और ऊपर से बेमौसम की बारिश से अब उन्हें चिंता हो रही कि कहीं उनकी फसल बर्बाद न हो जाए। उन्होंने जिला प्रशासन एवं सरकार से मांग की पकी फसल को काटने के लिए अनुमति दी जाए।