फिरोजपुर-अमृतसर रोड पर अमृतपाल के समर्थकों का धरना
अबोहर में अमृतपाल सिंह के समर्थकों ने प्रदर्शन किया। बाबा छिंद्रपाल सिंह के नेतृत्व में रविवार को बड़ी संख्या में समर्थकों ने मक्खू के पास बंगाली पुल पर धरना दिया। इससे यातायात ठप हो गया। सुबह छह बजे धरना लगाया गया। इसमें करीब 500 समर्थक पहुंचे। कुछ किसान संगठन और अन्य लोग भी मौजूद थे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक पुलिस गिरफ्तार समर्थकों को रिहा नहीं करती है तब तक धरना जारी रहेगा। इसी प्रकार फिरोजपुर-अमृतसर रोड पर कोट बुढा के पास भी संगठन समर्थकों ने धरना दिया।
जालंधर में सुरक्षा बलों ने निकाला फ्लैग मार्च।
अबोहर: अमृतपाल समर्थक बलविंद्र सिंह खालसा घर में नजरबंद
अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी के प्रयासों के बीच पुलिस समर्थकों को भी घरों में नजरबंद कर रही है। अबोहर के गांव पतरेवाला निवासी समर्थक बलविंद्र सिंह खालसा को भी घर में नजरबंद कर सुरक्षा मजबूत कर दी गई है। बीती रात बलविंद्र सिंह खालसा की सुरक्षा में दो पुलिस जवान घर के बाहर तैनात किए गए हैं। बलविंद्र सिंह की सुरक्षा में तैनात जवानों कहना है कि वह राजस्थान जाना चाहेंगे तो कड़ी सुरक्षा में वहां तक पहुंचा दिया जाएगा।
मुक्तसर में भी पुलिस का रहा सख्त पहरा
मुक्तसर में रविवार को पुलिस का सख्त पहरा रहा। शहर के विभिन्न चौक में पुलिस ने 15 से अधिक नाके लगाकर संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली। शहर में फ्लैग मार्च निकालकर अमन-शांति बनाए रखने का संदेश दिया। ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब के सातों नाकों पर भी पुलिस टुकड़ियां तैनात हैं।
होशियारपुर में पुलिस और सुरक्षा बलों ने निकाला फ्लैग मार्च।
अमृतपाल सिंह मामले में पंजाब भर में सर्च अभियान चल रहा है। पुलिस बेहद चौकस नजर आ रही है। जिले में भारी पुलिस दल तैनात है। मुक्तसर में धारा 144 बरकरार है। एसएसपी हरमनबीर सिंह गिल ने कहा कि मुक्तसर में अमन-कानून की स्थिति को बरकरार रखा गया है। उन्होंने लोगों से सहयोग मांगा और कहा कि अगर कोई शरारती तत्व नजर आता है तो हेल्पलाइन नंबर 80549-42100 पर जानकारी देकर अपना फर्ज निभाएं।
जालंधर में भी पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
जालंधर कमिशनरेट पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस व पैरामिलिट्री फोर्स ने शहर में जगह-जगह वाहनों की जांच की और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने शहरवासियों को शांति बनाने की अपील भी की। हालांकि, शहर में आज किसी प्रकार का रोष प्रदर्शन देखने को नहीं मिला। इसके बावजूद पुलिस किसी भी तरह की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं है।