पंजाब सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह, हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज।
- फोटो : फाइल फोटो
कांग्रेस के रोड शो पर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज के बयान पर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रहार किया है। उन्होंने कहा है कि क्या हरियाणा में जंगल राज है। भाजपा, केंद्र और राज्यों में बैठे विपक्ष की ऐसे धमकी देकर आवाज को दबाना चाहती है लेकिन इन धमकियों से कांग्रेस का हौसला और बढ़ेगा।
विज के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने हरियाणा सरकार से पूछा है कि ‘क्या हरियाणा में जंगल राज है। जहां आप किसी को भी रोक सकते हो, यहां तक कि राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी के एक चुने हुए नेता को भी किसानों के साथ हुई बेइंसाफी के खिलाफ आवाज उठाने के लिए राज्य में दाखिल होने से रोक सकते हो।
कैप्टन ने यूपी पुलिस द्वारा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पर हमला और केस दर्ज करने और इससे पहले संघर्ष कर रहे किसानों पर हरियाणा पुलिस की तरफ से लाठीचार्ज करने का हवाला देते हुए कहा कि यह स्पष्ट है कि भाजपा सरकार इन राज्यों में संविधान में दर्ज लोकतांत्रिक अधिकारों का पूरी तरह उल्लंघन करती हुई विपक्ष की आवाज दबाने पर तुली हुई है।
सीएम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी केंद्र या राज्यों में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के ऐसे दमनकारी और गैर-लोकतांत्रिक कृत्यों के आगे नहीं झुकेगी। उनकी पार्टी अब भाजपा को असहमति की आवाज दबाने नहीं देगी, क्योंकि असहमति प्रकट करना प्रत्येक भारतीय का अधिकार है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि जब भी लोगों की आवाज को जबरन दबाने की कोशिश हुई है तो उस समय यह आवाज और बुलंद हुई है। कैप्टन ने कहा कि भाजपा अपने घिनौने इरादों में सफल नहीं होगी और भारत के लोग इनको ऐसा हरगिज नहीं करने देंगे और वह फिर से संसद में दो सीटों तक सिमट कर रह जाएंगे, जहां से उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी।