फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ईवीएम में बंद होगी आज इन दिग्गजों की किस्मत

Wed, 30 Apr 2014 09:23 AM IST
अखिल तलवार/अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
गुरदासपुर से प्रदेश कांग्रेस प्रधान प्रताप सिंह बाजवा दूसरी बार संसद जाने की कोशिश में हैं। उनका मुकाबला भाजपा के स्टार विनोद खन्ना से है। कांटे की जंग में आम आदमी पार्टी के सुच्चा सिंह छोटेपुर ने मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया है।
विज्ञापन

अमृतसर

अमृतसर इस बार पंजाब की सबसे हॉट सीटों में से एक है। भाजपा के हैवीवेट लीडर अरुण जेटली के चुनाव लड़ने से सारे देश की नजरें इस सीट पर लगी हुई हैं।

उनके मुकाबले कांग्रेस ने अपने फायरब्रांड लीडर अमरिंदर सिंह को उतार कर मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना दिया है। इस सीट पर भाजपा ही नहीं, राज्य की बादल सरकार की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।

कांग्रेस भी इस सीट पर पूरा जोर लगा रही है। वहीं, आप ने इलाके के लोकप्रिय चेहरे पद्मश्री डॉ. दलजीत सिंह को टिकट दिया है।

खडूर साहिब

सीमांत हलके खडूर साहिब में शिरोमणि अकाली दल ने माझा के जरनैल कहे जाने वाले रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा को चुनाव मैदान में उतारा है।

तो कांग्रेस ने हरमिंदर गिल को टिकट दिया है, जो पिछले विधानसभा चुनाव में वित्तमंत्री परमिंदर ढींढसा से महज ढाई सौ वोटों से हारे थे। आप से गायक व वादक भाई बलदीप सिंह मैदान में हैं।

जालंधर

जालंधर सीट पर कांग्रेस के चौधरी संतोख चुनाव मैदान में हैं। जिनका मुकाबला शिअद के पवन टीनू से है। दोनों की प्रत्याशी नए हैं।

आरक्षित सीट होशियारपुर से कांग्रेस ने संतोष चौधरी की जगह मोहिंदर सिंह केपी को टिकट दिया है, जो जालंधर से सांसद थे। उनका सीधा मुकाबला भाजपा के विजय सांपला से है।

आनंदपुर साहिब

आनंदपुर साहिब सीट से कांग्रेस ने अंबिका सोनी को चुनाव मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला शिअद के प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा के साथ है। वहीं, आप से सुप्रीम कोर्ट में गुजरात के सिख किसानों का केस लड़ रहे हिम्मत शेरगिल चुनाव लड़ रहे हैं।

लुधियाना

लुधियाना में कांग्रेस ने आनंदपुर साहिब के सांसद और पूर्व सीएम बेअंत सिंह के पौत्र रवनीत बिट्टू को टिकट दिया है। तो शिअद ने विधायक मनप्रीत सिंह अयाली पर भरोसा जताया है।

विधानसभा में शिअद से बागी होकर निर्दलीय चुनाव जीतने वाले सिमरजीत सिंह बैंस ने फिर निर्दलीय ताल ठोंक दी है। आप ने दंगा पीड़ितों के पैरोकार एडवोकेट एचएस फूलका को उतारा है।

फतेहगढ़ साहिब

फतेहगढ़ साहिब हलके से शिअद ने बिल्डर कुलवंत सिंह को उतारा है, जो इस बार के सबसे धनी प्रत्याशी हैं। उनके मुकाबले कांग्रेस ने नाभा के विधायक साधू सिंह धरमसोत को उतारा है। यह सीट दलित बाहुल है।

पटियाला

पटियाला से कांग्रेस की परनीत कौर लगातार चौथी बार संसद जाने की कोशिश में हैं। उनके मुकाबले शिअद ने दीपइंदर सिंह ढिल्लों को टिकट दिया है। जबकि, आप की ओर से डॉ. धरमवीर गांधी चुनाव लड़ रहे हैं। पटियाला में भी कांटे की टक्कर है।

संगरूर

संगरूर में कांग्रेस के विजय इंदर सिंगला लगातार दूसरी बार संसद जाने के जुगाड़ में हैं। उनके सामने शिअद के सुखदेव सिंह ढींढसा हैं। आप ने यहां से कॉमेडी आर्टिस्ट भगवंत मान को उतारा है। संगरूर में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला है।

बठिंडा

बठिंडा पंजाब की दूसरी हॉट सीट है। सभी की नजरें बठिंडा पर लगी हैं, क्योंकि यहां बादल बनाम बादल की जंग है। शिअद की ओर से मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की बहू हरसिमरत कौर बादल लगातार दूसरी बार संसद जाने की कोशिश में हैं।

तो कांग्रेस-पीपीपी गठबंधन की तरफ से सीएम बादल के भतीजे मनप्रीत सिंह बादल चुनाव लड़ रहे हैं। बठिंडा में इस बार बेहद कड़ा मुकाबला है।

फरीदकोट

फरीदकोट से शिअद ने अपनी निवर्तमान सांसद परमजीत कौर गुलशन पर भरोसा जताया है। तो कांग्रेस ने इसी हलके की एक विधानसभा सीट से विधायक जोगिंदर सिंह पंजगराई को उम्मीदवार बनाया है। दोनों ही दल पूरा जोर लगा रहे हैं।
विज्ञापन

फिरोजपुर

फिरोजपुर से कांग्रेस ने विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील जाखड़ को उतारा है। जोकि कांग्रेस के दिग्गज बलराम दास जाखड़ के पुत्र हैं। उनका मुकाबला शिअद के निवर्तमान सांसद शेर सिंह घुबाया से है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें