कैबिनेट में शामिल हुए जेल मंत्री को पद संभालते ही उस समय बड़ा झटका लगा, जब जेल से कैदियों ने फोन करके उन्हें बधाई दी। पंजाब की जेलों में सजा काट रहे कैदियों और गैंगस्टरों द्वारा अवैध तरीके से मोबाइल फोन के इस्तेमाल की चर्चा हमेशा होती है। इस बार खास बात यह हुई है कि पंजाब के नवनियुक्त जेल मंत्री को कई जेलों से कैदियों ने फोन करके जेल मंत्री बनने की बधाई दी है।
यह खुलासा किसी और ने नहीं बल्कि खुद जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पत्रकारों से बुधवार को बातचीत के दौरान किया। इस पर जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या वे मोबाइल का इस्तेमाल करके बधाई देने वाले कैदियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे? जेल मंत्री ने कहा कि उन्होंने बधाई ही दी है, इसलिए कोई बात नहीं। रंधावा ने कहा कि उन्हें जेल से दो कैदियों के बधाई संदेश आए थे।
बाद में उन्होंने बात को संभालते हुए कहा कि यह फोन उस समय आए जब उन्हें खुद भी नहीं पता था कि उन्हें जेलों का महकमा दिया जाना है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि अन्य विधायकों को भी जेलों से बधाई संदेश गए हों। रंधावा ने आगे कहा कि जेलों में गैंगस्टरों और कैदियों की गतिविधियों को लगाम कसने के लिए विशेष रणनीति बनाई जाएगी और उनकी गतिविधियों पर पूरी नजर रखी जाएगी।
जेल से कोई वीडियो, फोटो या कॉल बाहर आई तो जेल वार्डन की बदली, सस्पेंशन या उसे डिसमिस कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जेलों में मोबाइल के इस्तेमाल को रोकने के लिए जल्द ही जैमर भी लगाए जा रहे हैं। इसके बारे में केंद्र सरकार से बातचीत चल रही है। इसके अलावा गैंगस्टर्स और बड़े अपराधियों की पेशी जल्द ही जेल में करवाने का भी इंतजाम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सूबे की जेलों में इस समय दुर्दांत किस्म के 31 से अधिक गैंगस्टर बंद हैं, जिनकी गतिविधियों पर जेल प्रशासन की हर समय नजर रहती है। अगर जेलों में बंद अपराधियों की गतिविधियों पर शिकंजा कस लिया जाए तो पंजाब में अपराध पचास फीसदी तक घट जाएंगे।