महेंद्रगढ़ नगर पालिका की चेयरपर्सन रीना बंटी के पति व पार्षद सुरेंद्र बंटी ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर हरियाणा के शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। याची ने कहा कि शर्मा उनके खिलाफ बार बार एफआईआर दर्ज करवा रहे है। हाईकोर्ट ने याचिका पर हरियाणा सरकार व शिक्षा मंत्री को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने के आदेश दिए हैं।
बंटी ने हाईकोर्ट को बताया कि उसके खिलाफ शर्मा के इशारे पर कई बार अलग अलग मामलों में एफआईआर दर्ज करवाई जा रही है। जांच के बाद जब एक मामले से वह निर्दोष साबित होते हैं तो दूसरी एफआईआर दर्ज हो जाती है। इन एफआईआर के आधार पर ही 17 फरवरी को उसको एमसी से निलंबित कर दिया गया था। इन एफआईआर में उनको राहत मिल गई है इस लिए उसका निलंबन रद्द किया जाए। सुनवाई के दौरान कोर्ट को बताया गया कि शर्मा उनको तंग करने के लिए एफआईआर करवा रहे हैं।
इस पर पिछली सुनवाई पर बेंच ने कहा था कि वो मौखिक रूप से ऐसे आरोप क्यों लगा रहे है। शिक्षा मंत्री को अपनी याचिका में प्रतिवादी तो बनाया नहीं है। इस पर याची के वकील ने कहा था कि उनको कुछ समय दिया जाए ताकि वो अपनी याचिका में शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा को प्रतिवादी बना सके। हाईकोर्ट से मिली छूट के बाद राम बिलास शर्मा को प्रतिवादी सूची में डाल दिया गया। याचिका जब सुनवाई के लिए पहुंची तो हाईकोर्ट ने अब राम बिलास शर्मा को भी नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने के आदेश दिए हैं।