पंजाब के युवाओं को रोजगार देने की कवायद के तहत अब डेयरी उद्योग के जरिये सरकार बेरोजगारी दूर करने की योजना बना रही है। सहकारिता विभाग अब हर साल 6000 बेरोजगार युवाओं को डेयरी उद्योग से जोड़ने की योजना बना रहा है। राज्य के युवाओं को इस उद्योग से जोड़ने के लिए दुधारू पशुओं के लिए सरकार सब्सिडी भी दे रही है।
युवाओं को यूनिट खोलने से पहले एक विशेष प्रशिक्षण के अलावा 4 हफ्तों का डेयरी उद्यम ट्रेनिंग प्रोग्राम भी चलाया जा रहा है, जिसमें मौजूदा दूध उत्पादकों को वैज्ञानिक तरीके से डेयरी रोजगार अपनाने के लिए एडवांस ट्रेनिंग दी जाती है। इन प्रशिक्षण के जरिये सहकारिता विभाग हर साल 1000 शिक्षार्थियों को प्रशिक्षित कर रहा है।
विभाग के प्रवक्ता के अनुसार बेरोजगार युवाओं को नई डेयरी यूनिट लगाने के लिए 2 से 20 दुधारू पशुओं की खरीद करने और 17500 रुपये प्रति पशु सामान्य जाति और 23100 रुपए अनुसूचित जाति के लाभार्थी को वित्तीय सहायता दी जा रही है।
यह भी पढ़ें: सादे अंदाज में शादी: मोहाली में हुआ पंजाब सीएम के बेटे का विवाह, खुद गाड़ी चला कार्यक्रम में पहुंचे चरणजीत सिंह चन्नी
शेड बनाने के लिए मिल रहे 1.50 लाख
डेयरी विकास विभाग द्वारा विशेषज्ञों की राय से डेयरी शेडों के डिजाइन तैयार किए गए हैं। इसके मुताबिक शेड बनाने वाले पशु पालक को 1.50 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जाती है। यह डिजाइन 10 से 20 पशुओं के लिए तैयार किए गए हैं, जिनकी लागत चार से छह लाख रुपये तक आती है।
सरकार दूध उत्पादकों को बेहतर किसान बनने के साथ-साथ बेहतर मैनेजर बनाने पर जोर दे रही है। साथ ही बेरोजगार युवाओं को भी अधिक से अधिक संख्या में इन उद्योग से जोड़ रही है। जल्द ही इसके सकारात्मक परिणाम आने शुरू हो जाएंगे। - तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, सहकारिता मंत्री, पंजाब