पंजाब विश्वविद्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री भगवंत मान।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) में लड़कियों के हॉस्टल के विस्तार और लड़कों के लिए नए हॉस्टल के निर्माण के लिए जल्द ही करीब 49 करोड़ रुपये जारी करने का एलान किया। हॉस्टल स्थलों का दौरा करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि लड़कियों के दो मंजिला हॉस्टल पर पांच अन्य मंजिलों का निर्माण किया जाएगा जबकि लड़कों के लिए छह मंजिला हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की भावी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इन हॉस्टलों का निर्माण किया जाएगा। विद्यार्थियों का ध्यान पढ़ाई के दौरान अपने लिए पेइंग गेस्ट या रहने के लिए जगह ढूंढने के बजाय शिक्षा पर केंद्रिंत करने के लिए यह हॉस्टल जरूरी हैं। पीयू राज्य की गौरवमयी विरासत का हिस्सा है और इसने कई प्रमुख हस्तियों को बनाया है, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी के स्टाफ, विद्यार्थियों और सीनेट सदस्यों ने उन्हें बुलाया था और इन हॉस्टलों के निर्माण की अपील की थी। मान ने कहा कि विद्यार्थियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इन हॉस्टल का निर्माण आधुनिक ढंग से किया जाएगा। यूनिवर्सिटी के विकास के लिए पंजाब सरकार वचनबद्ध है क्योंकि राज्य के 175 कॉलेज इस यूनिवर्सिटी से मान्यता प्राप्त हैं। यह सम्मान की बात है कि हमारी पार्टी के कई विधायकों ने भी इस यूनिवर्सिटी से शिक्षा प्राप्त की है।
शानदार होंगे हॉस्टल: मान
भगवंत मान ने कहा कि यह हॉस्टल केवल चहारदीवारी वाले कमरे नहीं होंगे बल्कि हॉस्टल में साफ-सुथरे शौचालयों के साथ ही डाइनिंग हॉल और कॉमन रूम होंगे। अब तक प्रत्येक छह कमरों के बाद शौचालय बनाने की रिवायत से अलग, अब प्रत्येक चार कमरों के बाद शौचालय का निर्माण किया जाएगा। शोध करने वाले विद्यार्थियों के लिए 38 कमरे अटैचड बाथरूम वाले बनाए जाएंगे।