पाकिस्तान की लखपत जेल में मारे गए सरबजीत सिंह की बहन बीबी दलबीर कौर का क्या पंजाब सरकार डीएनए टेस्ट करवाएगी। पंजाब सरकार के गृह मामले व न्याय विभाग ने डीजीपी को एक मेमो भेज कर कुछ इस प्रकार के संकेत दिए हैं।
प्रदेश सरकार के इस विभाग की ओर से जारी एक मीमो के 7वें नंबर पर दर्ज महाराष्ट्र के लातूर की एक संस्था ‘अखिल भारतीय भ्रष्टाचार निर्मूलन संघर्ष समिति’ के प्रदीप पाटिल की शिकायत पर बीबी दलबीर कौर का डीएनए टेस्ट कराने के आदेश दिए हैं। इस मीमो में बीबी दलबीर कौर सहित अलग-अलग 13 व्यक्तियों की शिकायतें दर्ज है।
मीमो में इस बात के भी निर्देश हैं कि इन शिकायतों का निपटारा कर शिकायतकर्ताओं को इसकी जानकारी दी जाए। पाटिल ने मीडिया से बातचीत में स्वीकार किया कि उन्होंने पंजाब सरकार से कुछ वर्ष पहले एक शिकायत की थी कि बीबी दलबीर कौर सरबजीत की असली बहन हैं या नहीं। इसके लिए उनके डीएनए का परीक्षण करवाया जाए। जब दलबीर कौर से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि उनका मामला अदालत में चल रहा है।