चंडीगढ़। पंजाब के हजारों सरकारी कर्मचारियों के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। 27 अगस्त को कर्मचारी सेक्टर-17 स्थित मिनी सचिवालय में जुट सकते हैं और वहां से पंजाब सचिवालय की ओर कूच करने की संभावना है। इसे देखते हुए शहर में करीब 1200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। कानून-व्यवस्था की कमान चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर संभालेंगी।
कर्मचारी संगठन लंबित डीए, पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) और अन्य सेवा संबंधी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। राज्यव्यापी हड़ताल और चंडीगढ़ में बड़े प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी, पेंशनर और विभिन्न संगठनों के शामिल होने की संभावना है।
सेक्टर-17 और सचिवालय के आसपास बैरिकेडिंग
पुलिस ने सेक्टर-17, पंजाब सचिवालय और आसपास के संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त बल तैनात किया है। प्रदर्शनकारियों को निर्धारित क्षेत्र से आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग और रिजर्व फोर्स की व्यवस्था की गई है। भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन से निगरानी की जाएगी। पुलिस की नजर विधानसभा, राजभवन और अन्य संवेदनशील सरकारी परिसरों पर भी रहेगी। प्रदर्शनकारियों की आवाजाही से ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका के चलते ट्रैफिक पुलिस भी अलर्ट रहेगी। पुलिस का कहना है कि प्राथमिकता प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बनाए रखना है। हालांकि बैरिकेड तोड़ने, सड़क रोकने या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।