केंद्रीय बजट व्यावहारिक एवं राष्ट्र निर्माण पर केंद्रित: जाखड़
पंजाब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि यह बजट बढ़ते भारत की परिकल्पना को दर्शाता है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने चुनावी साल में तोहफों वाली घोषणाएं करने की बजाय अपने 10 साल के रिकॉर्ड के मुताबिक देशहित में बजट पेश किया है। प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता ने आगे का रास्ता दिखाया है और भगवंत मान सरकार को इससे सबक लेना चाहिए और चुनावी उद्देश्यों के लिए सार्वजनिक धन का उपयोग तुरंत बंद करना चाहिए।
बजट में किसानों व महिलाओं के लिए कुछ नहीं: हरसिमरत
शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि बजट में कुछ भी खास नहीं है। इसमें युवा, महिलाओं और किसानों के लिए कुछ भी शामिल नहीं किया गया है। साथ ही आम लोगों को भी राहत नहीं दी गई है।
बजट में घाटे के अलावा कुछ नहीं: तिवारी
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि बजट में कुछ भी खास नहीं है। इसका मात्र एक उद्देश्य चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के लिए सरकार को मजबूत बनाए रखना है। उन्होंने उच्च बजट घाटे पर भी चिंता व्यक्त की और कहा कि 18 लाख करोड़ रुपये का बजट घाटा है। इसका मतलब है कि सरकार अपने खर्चों के लिए उधार ले रही है। यह संख्या अगले साल बढ़ने वाली है।
बजट में समाज के प्रत्येक वर्ग का ध्यान रखाः सौदान सिंह
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने कहा कि यह विकास के प्रति संवेदनशीलता का बजट है, जो सर्वव्यापी और समावेशी है। सिंह ने कहा कि बजट में समाज के प्रत्येक वर्ग का ध्यान रखा गया है। सौर ऊर्जा के माध्यम से एक करोड़ परिवारों को 300 यूनिट बिजली प्राप्त करने में सक्षम बनाया जाएगा। सक्षम आंगनबाड़ी और पोषण 2.0 के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों को अपग्रेड करने में तेजी लाई जाएगी और इससे महिलाओं और बच्चों के जीवन में कई गुना सुधार होगा।