वीडियो में नवतेज सिंह चीमा, उनके बेटा जसकरण सिंह, सिमरनजीत सिंह उर्फ भैली सरेआम गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह वीडियो रिटर्निंग अधिकारी-कम-एसडीएम, एसएसपी, डीएसपी को भेजकर आरोपियों पर आचार संहिता का उल्लंघन करने की शिकायत देकर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उसे धमकाते हुए कहा कि यदि दोबारा चुना गया तो उसे (नवनीत) झूठे मुकदमों में फंसाया जाएगा। जिस तरह उनके पिता को फंसाया गया था।
थाना सुल्तानपुर लोधी की पुलिस ने नवतेज चीमा, उनके बेटे जसकरण सिंह, सिमरनजीत और उर्फ भोली, सुरिंदरपाल समेत आठ लोगों पर मारपीट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। थाना सुल्तानपुर लोधी के एसएचओ इंस्पेक्टर बिक्रम सिंह ने बताया कि इस मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
आप उम्मीदवार लाभ सिंह ने लगाया हमले का आरोप
हलका भदौड़ से आप उम्मीदवार लाभ सिंह उगोके ने आरोप लगाया है कि उनकी गाड़ी पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साजिश के तहत जानलेवा हमला किया है। उन्होंने कहा कि पहले तो उन्हें लगा कि उनकी गाड़ी पर भाजपा नेताओं ने हमला किया है। बाद में पता चला कि 20-25 नौजवानों को साथ लेकर हमला करने वाला नौजवान कांग्रेस नेता राजविंदर सिंगला का लड़का है। जिसने अपने साथियों के साथ उस पर हमला किया है।
उन्होंने कहा कि गाड़ी सेंटर लॉक होने के कारण उनकी जान बच गई। लाभ सिंह उगोके ने कहा कि कांग्रेस नेता अपनी कुर्सी जाती देखकर उन पर हमले करवा रहे हैं लेकिन हलके के लोग उनको मुंहतोड़ जवाब देंगे। लाभ सिंह उगोके ने कहा कि अब हमला करने वाला यह बोल रहा है कि आप के कार्यकर्ताओं ने उसके कपडे़ फाड़े, जो झूठ है, वीडियो सच बता रहा है।
बेटे ने गाड़ी के बोनट पर चढ़कर बचाई जान: सिंगला
कांग्रेसी नेता राजवीर सिंगला ने कहा कि आप के वर्कर गुंडागर्दी पर उतरे हैं। शनिवार को रात भी उन्हें आप वर्करों ने बंदी बनाकर रखा और आप के उम्मीदवार लाभ सिंह उगोके ने गाड़ी चढ़ाकर उनके बेटे विशाल सिंगला को जान से मारने की कोशिश की लेकिन उसने गाड़ी के बोनट पर चढ़कर अपनी जान बचाई, उसका बेटा गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जो सिविल अस्पताल में दाखिल है।
सिंगला व उसके साथियों पर केस दर्ज: रमनदीप सिंह
थाना भदौड़ के प्रभारी इंस्पेक्टर रमनदीप सिंह ने बताया कि आप उम्मीदवार लाभ सिंह उगोके पर हमला करने वाले कांग्रेस नेता विशाल सिंगला व उसके 20 अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, थाना शहणा के प्रभारी लखविंदर सिंह ने बताया कि शनिवार को रात आप वर्करों ने शिकायत दी थी कि कांग्रेस महिला नेता रात को गांवों में घूम रही हैं और शक जाहिर किया था कि वोटरों को लुभाने के लिए रुपये बांट रही है, इस संबंध में कांग्रेस नेता राजिंदर कौर मीमसा व उनके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
अबोहर: अकाली उम्मीदवार के भतीजे की कार तोड़ी
मतदान की पूर्व संध्या पर वोटरों को शराब व राशन जैसे लालच देकर उनके वोट हासिल करने के प्रयास में बीती रात अबोहर के ईदगाह बस्ती में कांग्रेसी और अकाली कार्यकर्ताओं में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। कांग्रेसियों ने अकाली उम्मीदवार के भतीजे की कार क्षतिग्रस्त कर दी। वारदात में घायल लोगों को सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
वहीं थाना नंबर 1 की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सरकारी अस्पताल में दाखिल गांव अमरपुरा निवासी गुलाब राम ने बताया कि वह अकाली प्रत्याशी डॉ. महिंदर रिणवा के भतीजे रोहित रिणवा की गाड़ी चलाता है। बीती रात वह रोहित रिणवा के साथ गाड़ी लेकर किल्लियांवाली रोड पर वोटर पर्चियां देने जा रहे थे कि रास्ते में कुछ कांग्रेसियों ने उनकी गाड़ी घेर ली और कार क्षतिग्रस्त कर दी। इस घटना में उसके अलावा रोहित रिणवा को भी चोट लगी। बाद में दोनों को सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
वहीं इसी मामले में शमशेर सिंह, राकेश कुमार, अनिल कुमार व सुशील मौर्य भी घायल हैं। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। इधर, घटना की कड़ी निंदा करते हुए अकाली उम्मीदवार डॉ. महिंदर रिणवा ने बताया कि कांग्रेसी समर्थक पिछले काफी दिनों से वोटरों को शराब और राशन किटें बांट रहे हैं। इसका विरोध करने पर कांग्रेसियों ने उनके भतीजे की गाड़ी पर हमला किया। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत पुलिस और चुनाव आयोग को भेजी गई है।
विधायक मीत हेयर पर कांग्रेस नेता ने लगाया मारपीट का आरोप
बरनाला से आम आदमी पार्टी के विधायक गुरमीत सिंह मीत हेयर पर एक कांग्रेस नेता ने मारपीट करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेता गोल्डी ने कहा कि वह अपने बूथ पर खडे़ थे, इतने में बरनाला से आप उम्मीदवार गुरमीत सिंह मीत हेयर अपने साथ चार-पांच बंदे लेकर गाड़ी से उतरे और उनकी तरफ बढ़े। वह उनके इरादे भांपकर पहले वहां से भगाने लगा। इसके बाद जब उन्होंने विरोध किया तो उसकी पिटाई की और उसका होंठ फट गया।
आप विधायक मीत हेयर ने उसके होंठों पर मुक्का मारा। कांग्रेस नेता गोल्डी ने कहा कि आप के विधायक मीत हेयर ने अपने साथियों को साथ लेकर सरेआम गुंडागर्दी की है और वह विधायक मीत हेयर पर कार्रवाई करवाने के लिए अस्पताल में दाखिल हुआ है। वह अपना मेडिकल करवा है। मारपीट संबंधी स्थानीय पुलिस को सूचित कर दिया है।
कांग्रेसी दिन दहाडे़ वोटरों को लुभाने के लिए बांट रहे थे रुपये: मीत हेयर
वहीं आप उम्मीदवार व विधायक गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा कि कांग्रेसी दिन दहाडे़ वोटरों को लुभाने के लिए रुपये बांट रहे थे, जिन्हें देखकर आप वर्कर तैश में आ गए और उनको वहां से भगा दिया। मीत हेयर ने कहा कि उन्होंने गोल्डी या उसके किसी भी साथी पर हाथ नहीं उठाया, उनको बदनाम करने के लिए झूठा आरोप लगाया जा रहा है। इस संबंध में पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस चौकी हंडियाया के प्रभारी तरसेम सिंह ने कहा कि कांग्रेसी नेता भोजराज गोल्डी की मेडिकल रिपोर्ट आ गई है। बयान के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी। जबकि आप वर्करों ने भी शिकायत की है, उसकी भी जांच की जा रही है।
कांग्रेसी चेयरमैन समेत 150 कांग्रेसियों पर मामला दर्ज
फिरोजपुर के गांव अटारी में तेजधार हथियारों से लैस कांग्रेसियों ने फिरोजपुर शहरी हलके के भाजपा प्रत्याशी राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी (पूर्व खेलमंत्री) पर जानलेवा हमला किया है। आरोपियों ने भाजपाइयों की पांच कारें तोड़ दी। इस वारदात में पंद्रह भाजपाई जख्मी हुए हैं, दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिन्हें स्थानीय अस्पताल में दाखिल करवाया है। थाना आरिफके पुलिस ने रविवार को कांग्रेसी चेयरमैन समेत डेढ़ सौ कांग्रेसियों के खिलाफ मामला दर्जकर आगे की तफ्तीश शुरू की है।
पीड़ित तरसेम सिंह निवासी गांव अटारी ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी राणा सोढ़ी उनके घर शनिवार रात दस बजे डिनर करने पहुंचे थे, उन्हें रात का भोजन खिलाकर घर से बाहर छोड़ने आए थे कि कांग्रेस चेयरमैन सुखविंदर सिंह, दविंदर सिंह, डॉ. अवतार सिंह व गुरशरण सिंह समेत डेढ़ सौ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने तेजधार हथियारों से उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। राणा सोढ़ी इससे बड़ी मुश्किल से बचे।
आरोपियों ने उनकी पांच कारें बुरी तरह तोड़ दी। पंद्रह लोगों पर तेजधार हथियारों से हमला बोल जख्मी कर दिया। भाजपा कार्यकर्ता भूपिंदर सिंह और दलमोहन सिंह को इससे गंभीर चोट लगी हैं। सभी को स्थानीय अस्पताल में दाखिल करवाया है। उधर, थाना आरिफके पुलिस ने तरसेम सिंह के बयान पर आरोपी सुखविंदर सिंह, दविंदर सिंह, अवतार सिंह व गुरशरण सिंह समेत डेढ़ सौ आरोपियों पर मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं।
नरुआना रोड पर अकाली और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। अकाली दल के पूर्व पार्षद हरजिंदर टोनी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता बाहरी व्यक्तियों के साथ मिलकर वोटरों को पैसा बांट रहे थे। जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने हवाई फायरिंग की गाड़ी में तोड़फोड़ की। डीएसपी सिटी चरणजीत सिंह ने अकाली कार्यकर्ताओं से बातचीत की।
घटना के बाद कांग्रेसी मौके से फरार हो गए। हरजिंदर टोनी ने बताया कि वह अपने वार्ड में घूम रहे थे तो उन्हें पता चला कि कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता बाहरी लोगों के साथ मिलकर मतदाताओं को पैसे बांट रहे हैं। जब उन्हें रोका तो उन्होंने झगड़ा शुरू कर दिया और अपने साथियों को बुलाकर गाड़ी में तोड़फोड़ करने के साथ तीन हवाई फायरिंग की।
डीएसपी सिटी चरणजीत सिंह ने शिअद के पूर्व पार्षद टोनी समेत कार्यकर्ताओं से बात की और सभी को थाना कनाल में बुला लिया। डीएसपी ने बताया कि पुलिस शिअद के पूर्व पार्षद टोनी के बयान दर्जकर कार्रवाई की जाएगी। तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूर्व पार्षद टोनी ने आरोप लगाया कि बिना नंबर की गाड़ियां शहर में घूम रहीं हैं लेकिन पुलिस उनकी जांच नहीं कर रही है।