कैप्टन से रूबरू हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह।
- फोटो : amar ujala
प्रशांत किशोर की टीम आई-पैक ने कॉफी विद कैप्टन के दौरान कॉलेज व डिस्ट्रिक्ट कैप्टन बनाए थे। रविवार को जीएमसीएच-32 ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह इन कैप्टन्स के साथ रूबरू हुए।
पंजाब भर से आए करीब एक हजार नौजवानों ने कैप्टन से मिल कर पंजाब के लिए उनके विजन का समर्थन किया। साथ ही अपने विचार सांझे किए कि कैसे 2017 विधानसभा के लिए वे कैप्टन की मुहिम का हिस्सा बन कर अपना योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कैप्टन के साथ सेल्फी भी लीं। कैप्टन ने नौजवानों के मुद्दों पर चर्चा करते हुए अपनी सलाह दी। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में यूथ बहुत अहम भूमिका निभाएंगे। उन्हें युवाओं को अपने साथ देख कर बहुत खुशी हो रही है। वह युवाओं के साथ हैं और तब तक नहीं रुकेंगे, जब तक युवाओं का एक बार फिर से सिस्टम पर विश्वास कायम नहीं हो जाता।
उन्होंने कहा कि पार्टी और उन्होंने हमेशा ही चुनाव में युवाओं के योगदान पर काफी ध्यान दिया है। इस बार भी 35-40 फीसदी सीटों पर नौजवान ही चुनाव लड़ेंगे। जालंधर से आई एक युवती ने कहा कि वह सोशल मीडिया कैंपेन के जरिए अपना योगदान देगी। वहीं, महिंद्रा कॉलेज के एक छात्र का कहना था कि बादल परिवार ने राज नहीं सेवा के नाम पर पंजाब के सारे कारोबार पर कब्जा कर लिया है। सिर्फ कैप्टन ही पंजाब में एक बार फिर से खुशहाली वाले दिन ला सकते हैं। इससे पहले आई-पैक की आउटरीच व डिजिटल मीडिया टीम ने इन नौजवानों को विशेष ट्रेनिंग दी।