सोनू सूद की गाड़ी जब्त, माही के खिलाफ आचार संहिता का मामला
मतदाताओं पर प्रभाव जमाने के आरोप में पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद की इंडेवर गाड़ी को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। इसके साथ सोनू सूद को मतदान तक घर में रहने के निर्देश दिए। जिसके बाद सोनू सूद दूसरी गाड़ी से अपने घर लौट गए। सोनू सूद अपनी बहन और कांग्रेस प्रत्याशी मालविका सूद के पक्ष में मौके का मुआयना कर रहे थे।
शिअद नेता ने चुनाव आयोग को यह कहते हुए शिकायत दी कि सोनू सूद के सेलिब्रेटी स्टेटस से मतदाता प्रभावित हो सकते हैं। सोनू सूद का कहना है कि उन पर लगाए गए आरोप पूरी तरह से निराधार हैं। वहीं फिरोजपुर की थाना कैंट पुलिस ने चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में पंजाबी फिल्मों की अभिनेत्री माही गिल और फिरोजपुर शहरी हलके के भाजपा प्रत्याशी राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी के बेटे अनुमीत सिंह सोढ़ी उर्फ हीरा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
कांग्रेस प्रत्याशी नवतेज चीमा, बेटे सहित आठ पर एफआईआर
पंजाब की हॉट सीट सुल्तानपुर लोधी से कांग्रेस प्रत्याशी नवतेज सिंह चीमा, उनके बेटे सहित आठ लोगों पर मारपीट का केस दर्ज हुआ है। शनिवार को देर रात सुल्तानपुर लोधी की पुलिस ने चीमा के सगे भतीजे नगर काउंसिल सुल्तानपुर लोधी के उपप्रधान नवनीत सिंह की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया है। कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत सिंह का बेटे राणा इंद्रप्रताप सिंह सुल्तानपुर लोधी से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। कुछ अरसे पहले ही नगर काउंसिल के प्रधान, उपप्रधान समेत 10 कांग्रेसी पार्षदों और नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन ने राणा इंद्रप्रताप सिंह को समर्थन दे दिया था, जिसमें चीमा का भतीजा भी शामिल है।
बठिंडा में अकालियों और कांग्रेसियों के बीच झड़प
नरुआना रोड पर अकाली और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। अकाली दल के पूर्व पार्षद हरजिंदर टोनी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता बाहरी व्यक्तियों के साथ मिलकर वोटरों को पैसा बांट रहे थे। जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने हवाई फायरिंग की गाड़ी में तोड़फोड़ की। डीएसपी सिटी चरणजीत सिंह ने अकाली कार्यकर्ताओं से बातचीत की। घटना के बाद कांग्रेसी मौके से फरार हो गए।
पटियाला अकाली व कांग्रेसी भिड़े, दो घायल
पटियाला देहाती विधानसभा हलके में आती बाबू सिंह कालोनी में रविवार को पोलिंग बूथ के नजदीक अकाली व कांग्रेस के समर्थकों में आपस में झड़प हो गई। इस दौरान एक-दूसरे पर तेजधार हथियारों से हमला करने से दो युवक घायल हो गए। घायलों में से विशाल ठाकुर निवासी बाबू सिंह कालोनी के सिर पर तेजधार हथियार से हमला किया गया है, वहीं मोहित के सीने में किरच जैसी चीज से वार किया गया है। दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पटियाला शहर: 62.10 फीसदी मतदान
यहां से पंजाब लोक कांग्रेस के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह चुनाव मैदान में हैं।
अमृतसर पूर्व: 59 फीसदी मतदान
यहां कांग्रेस से नवजोत सिंह सिद्धू और अकाली दल से बिक्रम सिंह मजीठिया मैदान में हैं।
भदौड़: 78.89 फीसदी मतदान
इस विधानसभा सीट से राज्य के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी मैदान में हैं।
जलालाबाद: 77 फीसदी मतदान
इस विधानसभा सीट से शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर बादल मैदान में हैं।
लंबी: 80.10 फीसदी मतदान
यहां से शिरोमणि अकाली दल के सरंक्षक प्रकाश सिंह बादल चुनाव लड़ रहे हैं।
धुरी: 72 फीसदी मतदान
यहां से आम आदमी पार्टी के सीएम उम्मीदवार भगवंत मान चुनाव में उतरे हैं।