पंजाब बोर्ड की परीक्षा दे रहे स्टूडेंट्स एग्जाम के दौरान खास सावधानी बरतें, क्योंकि शिक्षामंत्री चीमा खुद चेकिंग करने के लिए आएंगे। बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों के लिए शिक्षामंत्री डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने बोर्ड परिसर में समूह मंडल अधिकारियों व जिला शिक्षा अधिकारियों से मीटिंग की।
उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि परीक्षाओं को नकल मुक्त बनाने के लिए सख्त कार्रवाई की जाए। संवेदनशील सेंटरों की शिनाख्त करके उनकी निगरानी करें। उन्होंने डीईओज को भरोसा दिया कि वह किसी भी तरह की सख्त कार्रवाई के लिए आजाद हैं। उनके हर फैसले पर मोहर लगाई जाए।
10वीं व 12वीं की परीक्षाओं के साथ पहली बार 5वीं व 8वीं की सालाना परीक्षा एससीईआरटी द्वारा ली जा रही है। उन्होंने बताया कि परीक्षाओं में इस बार 12 लाख के करीब परीक्षार्थी बैठ रहे हैं। शिक्षा मंत्री ने बोर्ड व विभाग के अधिकारियों को हिदात दी है कि वह हेल्पलाइन जारी करें।
साथ ही गड़बड़ी की सूचना मिलने पर तुरंत उड़नदस्तों को कार्रवाई के लिए कहा जाए। रेगुलर चेकिंग के अलावा सीईओ, डीपीआई, डीजीएसई व बोर्ड स्तर की टीमें बनाकर चेकिंग की जाए। वह खुद परीक्षा केंद्रों का दौरा करेंगे। इस मौके शिक्षा सचिव बजरालिंगम को पत्र लिखा है। साथ ही कहा कि परीक्षाओं के दौरान चेकिंग के प्रबंध किए जाएं।
104 हेल्पलाइन पर मिलेंगे सेहत टिप्स
दसवीं की परीक्षा में इस बार 4 लाख 24 हजार व 12वीं की परीक्षा में 3 लाख 44 हजार 507 विद्यार्थी बैठेंगे। परीक्षा के लिए 2671 सेंटर बनाए गए हैं। 12वीं की परीक्षा 20 फरवरी से 14 मार्च व दसवीं की परीक्षा चार मार्च से 19 मार्च तक चलेगी। प्रेक्टिकल बाद में लिए जाएंगे। बच्चों की सुविधा के लिए 104 नंबर हेल्पलाइन सेवा शुरू की गई है। जहां सेहत संबंधी टिप्स लिए जा सकते हैं।
वेब पोर्टल पर मिलेगा हर प्रश्न का हल
अधिकारियों ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखकर एक वेब पोर्टल बनाया गया है। जहां किसी भी प्रश्न का हल 48 घंटों में किया जाएगा। मीटिंग में बोर्ड की चेयरपर्सन तेजिंदर कौर धालीवाल, सचिव जीएस बाठ सहित कई अधिकारी मौजूद थे।