मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने स्वास्थ्य विभाग और पुलिस को निर्देश दिया कि वे विदेश से आए ऐसे यात्री जो क्वारंटीन किए गए हैं, उनकी विशेष निगरानी करें। इसके अलावा वे यह भी सुनिश्चित करे कि उन्हें घर के भीतर एकांत में रखा जाए। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने गत दिवस ही इस बात पर चिंता जताई थी कि राज्य में बीते कुछ महीनों के दौरान करीब 90 हजार से ज्यादा लोग विदेश से आए हैं।
इन सभी लोगों की स्वास्थ्य जांच जरूरी है लेकिन कई लोग सरकार के संपर्क में अब तक नहीं हैं। स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने भी राज्य में पहुंचकर लापता हुए एनआरआई के बारे में चिंता जताई थी कि जब इन लोगों की स्वास्थ्य जांच पूरी नहीं हो जाती, राज्य के लोगों के लिए खतरा बना रहेगा। उनका कहना था कि दरअसल दिल्ली अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरते ही जांच की जो व्यवस्था की गई है, वहां कई यात्री पहले से ही बुखार कम करने वाली दवाएं खाकर उतरते रहे।
जांच में निगेटिव पाए जाने पर उन्हें घरों के लिए रवाना कर दिया गया। उनका मानना था कि ऐसे लोगों ने न सिर्फ खुद को धोखा दिया बल्कि अपने परिवार और रिश्तेदारों के लिए भी खतरा बन गए हैं। उनका यह भी कहना था कि ऐसे लोग दिल्ली एयरपोर्ट से पंजाब में सीधे अपने घरों में आने के बजाए रिश्तेदारों के यहां पहुंचकर छिप गए थे। लेकिन अब लोग सचेत हो गए हैं। ऐसे लोगों के पारिवारिक सदस्य भी स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल लाने लगे हैं।
दुबई से आई महिला की तबियत बिगड़ी, अस्पताल में दाखिल
दुबई से 10 दिन पहले आई एक महिला की हालत बिगड़ने पर उसे फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। वहीं इसकी सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने उसके घर और पड़ोस में रहने वालों लोगों की भी स्क्रीनिंग शुरू कर दी है। महिला की जांच रिपोर्ट दो दिन बाद आएगी।
इसके बाद ही उसमें कोरोना की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों ने बताया कि दुबई से आते समय हवाई अड्डे पर इसकी पूरी स्क्रीनिंग की गई थी, जिसमें वह कोरोना निगेटिव पाई गई। बुधवार को उसकी तबीयत बिगड़ने पर सैंपल जांच के लिए पटियाला भेजे गए। दो दिन बाद रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट होगी।
कोरोना संदिग्ध मरीजों को सिविल अस्पताल में शिफ्ट करने के निर्देश
जालंधर डिप्टी कमिश्नर जालंधर वरिंदर कुमार शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि वह कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीजों को तुरंत शहीद बाबू लाभ सिंह सिविल अस्पताल, जालंधर में शिफ्ट करें। मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि अब तक 21 मरीज सिविल अस्पताल में दाखिल हैं।
सिविल अस्पताल फिल्लौर में दाखिल 5 मरीजों को भी सिविल अस्पताल जालंधर शिफ्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल 550 बैंड वाला अस्पताल है, जिसको आइसोलेशन वार्ड में तबदील किया गया है। यहां जरूरत अनुसार बुनियादी ढांचा और डॉक्टरी सुविधाएं और स्टाफ मौजूद है।
उन्होंने कहा कि एसएमओ कश्मीरी लाल और उनकी टीम की तरफ से पहले ही संदिग्ध मरीजों के इलाज में शानदार भूमिका निभाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मेडिकल टीमों को पहले ही घर-घर सर्वे करके संदिग्ध मरीजों की पहचान करने के लिए लगाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा पुलिस की तरफ से तीन संदिग्ध मरीजों के संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि यह समय की जरूरत है कि कोरोना वायरस को फैलने से रोका जाए।
पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल में सांस की बीमारी से पीड़ित 19 साल की लड़की का कोरोना वायरस का टेस्ट नेगेटिव पाया गया है। यह लड़की हाल ही में कनाडा से आई थी। वैसे तो यह लड़की संगरूर की रहने वाली है। लेकिन इन दिनों पटियाला अपनी दोस्त के घर आई हुई थी। सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि यह लड़की पटियाला के प्रेम नगर में रह रही थी और सांस की बीमारी व खांसी से पीड़ित थी। जिस कारण उसको सरकारी राजिंदरा अस्पताल में दाखिल कराया गया।
जहां इसका कोरोना वायरस का टेस्ट कराया गया, जो नेगेटिव आया है। उन्होंने बताया कि अब तक जिले के कुल 9 मरीजों के कोरोना की बीमारी संबंधी टेस्ट किए गए हैं और सारे ही नेगेटिव आए हैं। उन्होंने लोगों को अपील की है कि मौसम में तबदीली कारण हो रहे वायरल फ्लू से घबराने की जरूरत नहीं है। अगर आप कोरोनो प्रभावित इलाकों से नहीं आए या कोरोना पीडित व्यक्ति के संपर्क में नहीं आए, तो खांसी जुकाम से घबराने की जरूरत नहीं। कहा कि यह वायरल फ्लू दवा लेने से ठीक हो जाता है।
कोरोना पीड़ित होने की अफवाह फैलाने पर गिरफ्तार
लुधियाना में कोरोना वायरस को लेकर अफवाह भी फैलाई जा रही है। ऐसे ही एक व्यक्ति का वीडियो फेसबुक पर अपलोड करने के बाद आरोपी ने अफवाह फैला दी कि वह कोरोना वायरस से पीड़ित है। जब पुलिस ने पीड़ित का पता लगाया और किचलू नगर इलाके में जांच की तो जानकारी गलत निकली।
इस पर थाना सराभा नगर की पुलिस ने सन्नी खुल्लर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार भी कर लिया है। पुलिस के मुताबिक सूचना मिली कि फेसबुक पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें कहा जा रहा है एक व्यक्ति कोरोना वायरस की चपेट में है और काफी तड़प रहा है। पुलिस ने जांच की तो उसकी पहचान किचलू नगर निवासी एक व्यक्ति के रुप में हुई। पुलिस को जांच के बाद पता चला कि आरोपी सन्नी खुल्लर की ओर से डाली गई पोस्ट गलत थी।