हरियाणा में कोरोना वायरस को लेकर मेडिकल निगरानी वाले लोगों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। कोरोना वायरस का एक नया केस पानीपत में भी सामने आ गया है। जिसके बाद अब प्रदेश में 18 मरीज कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। उधर, जिन लोगों को मेडिकल निगरानी में रखा गया है उनकी संख्या भी बढ़ गई है। संदिग्ध मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। जबकि बहुत से लोगों को घरों में क्वारंटीन ही किया गया है।
हरियाणा सरकार का दावा है कि इस बीमारी को लेकर प्रदेश में सभी प्रकार के एहतियात बरते जा रहे हैं और विदेशों से आने वाले लोगों पर खास निगाह रखी जा रही है। प्रदेश में मौजूदा स्थिति अभी देखें तो इस वक्त हरियाणा में 9829 लोग मेडिकल सर्विलांस के दायरे में हैं। 18 पॉजिटिव मामलों में से 10 केस गुरुग्राम, 2 फरीदाबाद, 3 पानीपत, 1 पलवल, 1 पंचकूला व 1 सोनीपत का मरीज शामिल है।
129 संदिग्ध मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। 462 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे जिसमें से 336 सैंपल नेगेटिव आए हैं 111 सैंपल की रिपोर्ट अभी आना बाकी है 617 28 दिनों से मेडिकल सर्विलांस के दायरे में हैं। पानीपत में नया केस मिलने के बाद सरकार ने संबंधित जिले में जरूरी एहतियात गंभीरता से बरतना शुरू कर दिया है। जो लोग विदेश से लौटे हैं, उनके घरों के बाहर क्वारंटीन और डू नॉट विजिट के पोस्टर चस्पा कर दिए गए हैं।
स्वैच्छिक योगदान के लिए रिलीफ फंड
हरियाणा सरकार ने कोरोना रिलीफ फंड की स्थापना कर दी है। स्वैच्छिक तौर पर हर व्यक्ति सहयोग कर सकता है। हरियाणा सरकार की खाता संख्या 39234755902 में आईएफएससी कोड एसबीआई एन 0013180 में राशि जमा करा सकते हैं। बैंक शाखा पंचकूला के सेक्टर-10, एससीओ 14 में स्थित है।
कोरोना पर गीत कहानी लिखो, इनाम देगी सरकार
हरियाणा सरकार ने कोविड संघर्ष सेनानी नाम से प्रतियोगिता शुरू की है, जिसके तहत कोई भी किशोर, युवा या वरिष्ठ नागरिक किसी भी प्रेरणा, कविता, गीत, कहानी, गाथा, संदेश या भाषण के माध्यम से इस कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ अपनी लड़ाई साझा कर सकता है। पूरे राज्य में हर रोज अधिकतम 100 प्रविष्टियों को 100 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक के पुरस्कार दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 के मदेनजर लॉकडाउन अवधि के दौरान 112 राजकीय स्कूलों के 1.87 लाख से अधिक छात्रों के अध्ययन को सुनिश्चित करने के लिए सभी शिक्षकों ने एलएमएस सॉफ्टवेयर के माध्यम से उच्चतर शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर अपने व्याख्यान (लेक्चर) को रिकॉर्ड करना और अपलोड करना शुरू कर दिया है ताकि छात्र अपने घरों में बैठकर शिक्षा सेतु ऐप के माध्यम से शिक्षा प्राप्त कर सकें।