पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि कैप्टन और बादल एक ही हैं। पंजाब के लोगों को समझ लेना चाहिए कि कैप्टन को वोट दिया तो बादल को जाएगी और बादल को वोट करने पर वह कैप्टन को जाएगी। दोनों एक दूसरे के हितों की रक्षा करने के लिए राजनीति करते रहे हैं।
यही कारण है कि अभी तक कैप्टन ने ड्रग मामले में बिक्रम मजीठिया के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की थी। पीपीसीसी प्रधान ने बुधवार को यह बात अपने होली सिटी स्थित निवास पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पत्रकारों से कही। जब उनसे सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में बेअदबी मामले में उप मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह रंधावा द्वारा एसआईटी बनाकर दो दिनों में रिपोर्ट की बात कही गई तो उन्होंने कहा कि वे (रंधावा) उनके बड़े भाई हैं, उनके बारे कुछ नहीं कह सकते।
उन्होंने कहा कि क्या अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल के दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह सोए थे। उन्होंने कहा कि जब पंजाब सरकार ने कार्रवाई की है तो वे कह रहे हैं कि रिपोर्ट खोलूंगा। उन्होंने कहा कि अब उन्हें समझ लेना चाहिए कि उन्होंने (सिद्धू) तीन माह पहले इस्तीफा क्यों दिया था। सिद्धू ने कहा कि पंजाब में हमेशा से ही अवैध शराब और रेत खनन के मुद्दों पर राजनीति हुई। जिसमें पूर्व की सरकारों ने सरकार के खजाने को चूना लगाकर अपनी जेबें भरी।
अब लोगों को समझ जाना चाहिए कि माफिया राज खुल गया है। मजीठिया के खिलाफ ड्रग मामले में दर्ज केस को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल इसे चुनावी स्टंट बताते हैं। वे बताएं कि पिछली बार विधानसभा चुनावों के दौरान उनका मुद्दा क्या रहा था। उन्होंने पंजाब में बड़े स्तर पर हो रही ड्रग तस्करी को लेकर पंजाब में चुनाव लड़े और अब केजरीवाल ने मजीठिया से माफी मांग कर अपनी जान बचाई है।
उन्होंने कहा कि यह अरविंद केजरीवाल ही हैं, जो बादलों की बसों को दिल्ली एयरपोर्ट तक लेकर जाते हैं। एक्साइज के नियम तोड़कर शिअद के विधायक दीप मल्होत्रा को शराब के चार चार ठेके अलॉट करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे 78 विधायकों के साथ भाजपा का मुख्यमंत्री सरकार चलाता रहा और किसान आंदोलन के दौरान यह सामने आया। उन्होंने कैप्टन और बादल की सरकारों को खजाना चोर बताते हुए कहा कि अवैध खनन और शराब के कारोबार से इकट्ठा किया पैसा लोगों को खरीदने पर खर्च कर रहे हैं। सिद्धू ने कहा कि कैप्टन और बादल की सरकारों ने हमेशा स्वार्थ की राजनीति की।
पंजाब के लोगों को संबोधित करते हुए एक बार फिर कहा कि आज उन्हें (जनता) सिद्धू द्वारा इस्तीफा दिए जाने के कारणों को समझ लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे ताउम्र राहुल और प्रिंयका गांधी जी का साथ निभाएंगे मगर पूरी ईमानदारी के साथ पंजाब को आर्थिक तौर पर मजबूत करने और पंजाब वेलफेयर की जिम्मेदारी को निभाएंगे। इसके लिए उन्होंने रोड मैप तैयार कर लिया है, जो किसी भी राजनीतिक पार्टी ने नहीं बनाया। उनका कहा कि जो लोग गुरु के इंसाफ की खातिर सड़को पर लड़ रहे थे वह आज भी सड़को पर हैं।