पंजाब सीएम भगवंत मान ने एआई आधारित चैटबॉट हेल्पलाइन का किया शुभारंभ।
- फोटो : एएनआई
बच्चों और महिलाओं के लापता, शोषण या किसी अन्य समस्या को दूर करने के लिए अब आप तुरंत अपनी आवाज कहीं से पुलिस तक पहुंचा पाएंगे। पुलिस भी उस शिकायत पर पहल के आधार पर काम शुरू कर देगी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को मोहाली में इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस में पंजाब पुलिस के व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 95177-95178 को लॉन्च किया। यह चैटबॉट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर आधारित है।
इस सारी प्रक्रिया की मॉनीटरिंग पुलिस के सीनियर अधिकारी करेंगे। इससे पुलिस को गंभीर केसों को हल में सफलता मिलेगी। समागम में मुख्यमंत्री ने बताया कि इन दिनों खबरें आती हैं कि अपराध काफी बढ़ गए हैं। इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह लोगों के अंदर जागरूकता की कमी आई है। पहले कोई अपराध होता था तो वह रिपोर्ट नहीं होता था जबकि अब हर लोग शिकायत दर्ज करवाते हैं। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी पुलिस के लिए ही नहीं, बल्कि समूचे समाज के लिए गंभीर खतरा बन रही है। इसके साथ सख्ती से निपटने की जरूरत है।
राज्य में सात जिलों की डीसी और पांच एसएसपी महिलाएं
सात जिलों में महिला अधिकारियों को डिप्टी कमिश्नर और पांच जिलों में महिला अधिकारियों को एसएसपी नियुक्त किया है। इन महिला अधिकारियों का परिणाम काफी अच्छा रहा है। मुख्यमंत्री ने अपनी लिखी कविता ‘न तो मुझे जन्म से पहले ही मारा गया, न ही मेरे जन्म का दुख ही सहा गया’ सुनाकर बेटियों के दर्द को बयां किया।
उन्होंने कहा कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में कम नहीं हैं। इससे पहले सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि विभाग बच्चों को ही नहीं, बल्कि बचपन को भी बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सांझ केंद्रों में बढ़िया काम करने वाली 11 महिला अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया।
हेल्पलाइन नंबर इस तरह करेगा काम
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि यह हेल्पलाइन नंबर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित है। अगर आपके एरिया में बच्चे और महिला पर किसी तरह का कोई अत्याचार होता है तो इस पर सूचना दी जा सकती है। व्हाट्सएप पर सूचना देने पर दूसरी साइड से कुछ सवाल आएंगे, जिनका जवाब देना होगा। इसके बाद यह सारी जानकारी जिला कंट्रोल रूम में भेजकर तुरंत कार्रवाई शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही पुलिस हेल्पलाइन नंबर 181 भी आपके संपर्क में रहेगी।