चमकौर साहिब में रैली का संबोधित करते सीएम चरणजीत चन्नी।
- फोटो : twitter @PunjabGovtIndia
चमकौर स्थित दानामंडी में रैली के दौरान मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने गुरुवार को आशा वर्कर तथा मिड-डे-मील कर्मियों को नए साल का तोहफा देने की घोषणा की है। आशा वर्करों को 2500 रुपये व मिड-डे-मील कर्मियों को तीन हजार रुपये प्रति माह पक्के तौर पर दिया जाएगा। इसके पहले आशा वर्करों को केवल कमीशन मिलता था, जबकि मिड-डे-मील कर्मियों को 2200 रुपये महीना दिया जाता है।
सीएम ने आशा वर्करों को पांच लाख रुपये की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा देने का एलान भी किया। जनवरी महीने से यह राशि मिलना शुरू हो जाएगी। इन वर्करों को भी पक्की सरकारी महिला मुलाजिमों की तरह मैटरनिटी लीव भी मिलेगी। इस दौरान इन्हें राखी वाले दिन घर आकर राखी बांधने का न्योता भी दिया। सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि 64 हजार 500 कर्मियों को 125 करोड़ रुपये का तोहफा दिया गया है।
सरकार चलाना नहीं जानते केजरीवाल
सीएम चन्नी ने कहा कि पंजाब के लोगों ने बादलों तथा कैप्टन को काफी समय दिया। उन्हें तो सिर्फ दो महीने ही मिले हैं, इसलिए और समय मिलना चाहिए। दिल्ली के मुख्यमंत्री द्वारा सीएम चरणजीत सिंह चन्नी पर बस चलाने पर कसे तंज पर उन्होंने कहा कि केजरीवाल को न तो बस चलाना आती है और न ही सरकार।
तारीफ से भावुक हुईं डॉ. कमलजीत कौर
सीएम चन्नी ने जब अपनी पत्नी डॉ. कमलजीत कौर की तारीफ की तो वे स्टेज पर भावुक हो गईं। चन्नी ने कहा कि हेल्थ वर्करों की सबसे बड़ी वकील उनके घर में उनकी पत्नी ही हैं। इस कार्यक्रम में तभी इन्हें लाया गया है। महिलाओं को एक हजार रुपये दिए जाने के जुमले काफी नहीं हैं, जबकि कांग्रेस पार्टी की सुप्रीमो महिला सोनिया गांधी हैं। इसलिए महिलाओं को राज्य में भागीदारी दी जानी चाहिए।