नवजोत सिंह सिद्धू, कैप्टन अमरिंदर सिंह और हरीश रावत।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब भवन में आयोजित कैप्टन की टी पार्टी में नवजोत सिंह सिद्धू अरदास करने के कारण लेट हो गए। इस कारण पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर को इंतजार करना पड़ा। हालांकि सिद्धू जब पहुंचे तो उन्होंने कैप्टन को नमस्कार कर उनके साथ चाय पर चर्चा की। इस दौरान पंजाब प्रभारी हरीश रावत मौजूद रहे।
पंजाब कांग्रेस के प्रधान पद का कार्यभार ग्रहण करने से पहले नवनियुक्त प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब भवन में आयोजित कैप्टन की टी पार्टी में सुबह 10.10 बजे पहुंचे। वहां मौजूद विधायकों से मुलाकात के बाद सिद्धू अरदास के लिए निकल गए। इस दौरान टी पार्टी के आयोजक कैप्टन अमरिंदर भी पंजाब भवन पहुंचे। सिद्धू के नहीं होने पर पंजाब प्रभारी हरीश रावत ने सिद्धू को फोन किया। सिद्धू ने कहा कि वह अरदास के लिए आए हैं अभी पहुंच रहे हैं। इस कारण कैप्टन को सिद्धू का कुछ देर इंतजार करना पड़ा। लगभग 11.30 बजे सिद्धू फिर पंजाब भवन पहुंचे।
चाय की दावत के दौरान दोनों के बीच गर्मजोशी को देखते हुए अब यह माना जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी पंजाब इकाई को साधने में कामयाब रही है। इस टी पार्टी में पंजाब प्रभारी हरीश रावत, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और सांसद मनीष तिवारी, पटियाला से सांसद और कैप्टन अमरिंदर की पत्नी परनीत कौर भी मौजूद रहीं। दोनों नेताओं की इस बहुप्रतीक्षित मुलाकात को लंबे चले टकराव का अंत माना जा रहा है।
चार महीने बाद मिले कैप्टन-सिद्धू
पंजाब भवन में आयोजित टी पार्टी में कैप्टन और सिद्धू की मुलाकात करीब चार महीने बाद हुई। इससे पहले 18 मार्च को सिद्धू मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से मिलने सिसवां स्थित उनके फार्म हाउस पहुंचे थे। जहां दोनों के बीच 45 मिनट तक चर्चा हुई थी। दोनों की यह मुलाकात भी बेनतीजा रही थी।