पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान
- फोटो : अमर उजाला
संविधान निर्माता बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर की जयंती पर पंजाब के सीएम भगवंत मान जालंधर में राज्यस्तरीय समारोह में शिरकत करेंगे। सीएम पहली बार जालंधर आ रहे हैं। इसकी तैयारियों के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है और सुरक्षा मजबूत कर दी है। बता दें कि 1951 में बाबा साहेब ने जिस पार्क में संबोधन किया था, सीएम मान वहीं नतमस्तक होंगे।
सीएम मान जालंधर के वेस्ट हलके में बन रहे बाबा साहेब आंबेडकर गर्ल्स कॉलेज के समारोह में शिरकत करेंगे। मंगलवार को जालंधर वेस्ट से विधायक शीतल अंगुराल ने जालंधर के डीसी घनश्याम थोरी व कमिश्नर पुलिस गुरप्रीत सिंह तूर के साथ मौके का दौरा किया और सुरक्षा व्यवस्था के अलावा प्रबंधों का जायजा लिया।
जालंधर के इलाके में 42 फीसदी अनुसूचित जाति की आबादी है और जालंधर वेस्ट से विधायक शीतल अंगुराल ने सीएम भगवंत मान से गुजारिश की थी कि उनके इलाके में बूटा मंडी में एक पार्क है, जहां 1951 में बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर आए थे और पार्क में लोगों को संबोधित किया था। इसलिए उनके प्रकाश दिवस पर इसी पार्क में आकर बाबा साहेब को श्रद्धा सुमन अर्पित करें।
आप विधायक शीतल अंगुराल के निवेदन पर सीएम मान ने आने पर सहमति जताई है। सीएम मान सुबह करीब 11 बजे समारोह में पहुंचेंगे और वहां बाबा साहेब को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद लोगों को संबोधित करेंगे। इस समारोह में हजारों लोग शिरकत करेंगे।
विधायक शीतल अंगुराल ने बताया कि बाबा साहेब आंबेडकर ने 27 अक्तूबर 1951 को बूटा मंडी में स्थित पार्क में लाखों लोगों को संबोधित किया था। इसके बाद 28 अक्तूबर 1951 को डीएवी कॉलेज जालंधर में भारतीय लोकतंत्र के भविष्य पर जबरदस्त भाषण दिया था। इसकी चर्चा पूरे विश्व में हुई थी।