पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान।
- फोटो : फाइल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा मुलाकात का समय तय कर दिया गया है। 24 मार्च को मान सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री से मिलकर पंजाब के मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इस दिन उनकी राज्य की सीमाओं की सुरक्षा को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भी बैठक होगी। वह गृह मंत्री अमित शाह से भी मिलेंगे।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस अहम मुलाकात की जानकारी स्वयं ट्वीट की है। उन्होंने लिखा है कि पंजाब के विकास को लेकर प्रधानमंत्री से मिलने का समय मांगा गया था, जिसकी स्वीकृति मिल गई है। इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री के पद पर मान के मनोयन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें शुभकामनाएं दी थीं और आश्वासन दिया था कि केंद्र सरकार राज्य सरकार के साथ मिलकर पंजाब को विकास पथ पर आगे बढ़ाएगी।
इस अहम मुलाकात के दौरान राज्य की सीमा सुरक्षा अहम मुद्दा रहेगा। मुख्यमंत्री मान का मानना है कि सीमावर्ती राज्य होने के कारण पंजाब अन्य राज्यों की अपेक्षा अधिक संवेदनशील है। हालांकि राज्य की सुरक्षा का आधा जिम्मा बीएसएफ के पास है। इसमें पंजाब पुलिस भी सहयोग करती है। इसके अलावा भी राज्य के कई अहम मुद्दों को लेकर दोनों के बीच विचार-विमर्श किया जाएगा।