जल्द आएगी नई औद्योगिक विकास नीति
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्टार्ट अप पंजाब, स्टार्ट-अप्स के लिए निवेशक समर्थक माहौल तैयार करने के साथ-साथ राज्य में उद्यमिता एवं नवीनता को प्रोत्साहित करने के लिए इनोवेशन मिशन पंजाब की स्थापना की गई है। पंजाब सरकार अगले कुछ महीनों में अपनी नई औद्योगिक विकास नीति लाएगी। राज्य सरकार को सभी हिस्सेदारों से कीमती सुझाव प्राप्त हुए हैं और उनको नई औद्योगिक नीति 2022 में शामिल करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
पंजाब सरकार लाएगी ईवी नीति
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) और इनके पुर्जों के निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए जल्द ही ईवी नीति शुरू करेगा। पंजाब निवेशकों के तजुर्बे को बेहतर बनाने, व्यापार के लिए अनुकूल माहौल बनाने और पालना को अधिक सरल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। भगवंत मान ने सभी उद्योग प्रतिनिधियों को अगले साल 23 और 24 फरवरी को होने वाले प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन में शामिल होने का न्योता भी दिया।
मुख्यमंत्री ने उद्यमियों को दिखाई उद्योगों की झलक
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब ब्लेंडेड यार्न के उत्पादन में पहले नंबर पर है और देश में चौथे नंबर पर स्पिनिंग क्षमता रखता है। पंजाब होजरी उत्पादन में भी पहले और खेल सामान के उत्पादन में दूसरे स्थान पर है। भारत में साइकिलों के निर्यात में भी पंजाब पहले नंबर पर है, क्योंकि भारत में 75 फीसदी से अधिक साइकिल और 92 फीसदी साइकिल के पुर्जे पंजाब में ही बनते हैं। राज्य भारत में हैंड टूल्ज और मशीन टूल्ज के उत्पादन में पहले नंबर पर है और भारत से हैंड टूल्ज और मशीन टूल्ज के निर्यात में पंजाब का 26 फीसदी हिस्सा है। पंजाब में आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग ने 770 करोड़ रुपये के निवेश को आकर्षित किया है, जो पिछले साल के मुकाबले लगभग 67 फीसदी अधिक है। पंजाब में 3.7 लाख से अधिक एमएसएमई हैं।