सरकारी नौकरियां मुहैया करवाकर राज्य के नौजवानों को समर्थ बनाने का अपना मिशन जारी रखते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरुवार को शिक्षा, उच्च शिक्षा, वित्त, सहकारिता, बिजली और अन्य विभागों में भर्ती के लिए 518 नौजवानों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभागों में खाली पड़े सभी पदों पर जल्दी से जल्दी भर्ती की जा रही है। इस समूची भर्ती प्रक्रिया के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं, जिस कारण 40 हजार से अधिक युवाओं की हुई इस भर्ती में से किसी एक को भी अदालत में चुनौती नहीं मिली है। पंजाब सरकार के लिए यह गौरव की बात है कि इन नौजवानों को पूरी मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां मिलीं हैं।
उन्होंने कहा कि वह सांसद के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान भी गैर-कानूनी ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ जोरदार ढंग से आवाज उठाते रहे हैं। जबसे हमारी सरकार ने कार्यकाल संभाला है, तब से लोगों के साथ ठगी करने और मानव तस्करी में शामिल गैर-कानूनी ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। ऐसे ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ राज्य सरकार ने बड़ी जागरुकता मुहिम चलाई है।
मान ने यह भी कहा कि प्रवास एक्ट में भी जरूरी संशोधन किए गए हैं, जिससे ऐसे ट्रैवल एजेंटों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। मुख्यमंत्री ने पुरानी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि इन नेताओं ने अपने सरकारी पदों का दुरपयोग करते हुए काफी दौलत इकट्ठी करके अपने लिए महलनुमा घर बनाए हैं। उन्होंने कहा कि इन घरों की दीवारें तो ऊंची हैं लेकिन दरवाजे आम लोगों के लिए हमेशा बंद ही रहते हैं।