लाइब्रेरी में पुस्तक पढ़ते पंजाब के सीएम भगवंत मान।
- फोटो : @BhagwantMann
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ज्ञान के प्रसार के लिए नवीनीकरण के बाद बाबा बंदा सिंह बहादुर जिला लाइब्रेरी संगरूर को लोगों को समर्पित की है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कंप्यूटर सेक्शन, एयर कंडीशनिंग, आरओ वाटर सप्लाई और आधुनिक लैंड स्केपिंग समेत इस लाइब्रेरी में तकरीबन 250 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं वाली इस लाइब्रेरी को 1.12 करोड़ रुपये की लागत से एक आदर्श लाइब्रेरी के तौर पर स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसी 28 अन्य लाइब्रेरी अकेले संगरूर जिले में बनाईं जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी को लाभ देने के लिए राज्य भर की लाइब्रेरी का इसी तर्ज पर नवीनीकरण किया जाएगा। विद्यार्थियों को आईएएस व पीसीएस समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग देने के लिए पंजाब भर में आठ कोचिंग सेंटर खोले जाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सेंटर सुनिश्चित करेंगे कि पंजाबी विद्यार्थी इन प्रतियोगी परीक्षाओं में पास होकर पूरे उत्साह से देश की सेवा करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने शासनकाल के एक साल के अंदर राज्य के नौजवानों को 30 हजार सरकारी नौकरियां दी हैं और आगे भर्ती भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नौजवानों को नौकरियां देने के कार्य को चरणबद्ध ढंग से पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि समूची भर्ती पारदर्शी और मेरिट के आधार पर की गई है। उन्होंने कहा कि समूची भर्ती प्रक्रिया के दौरान उचित विधि अपनाई गई, जिस कारण अभी तक 30 हजार नौकरियों में से एक भी नौकरी को अदालत में चुनौती नहीं मिली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जालंधर लोकसभा चुनाव जीतने के बाद आम आदमी पार्टी ने पंजाब से चुने हुए 100 प्रतिनिधियों का आंकड़ा छू लिया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आईपीएस बने लहरागागा के रोबिन को नौजवानों सामने रूबरू कराते हुए कहा कि सिर्फ विद्या के साथ ही सभी कठिनाइयों पर विजय पाई जा सकती हैं। उन्होंने उम्मीद जाहिर की है कि वह दिन दूर नहीं जब राज्य सरकार के सहृदय यत्नों स्वरूप पंजाब मुल्क का प्रथम राज्य बन कर उभरेगा। भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने आने वाली पीढ़ियों के लिए रंगला पंजाब सृजन करने के लिए उचित जुगतबंदी की है।