मुख्यमंत्री ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व को समर्पित सोने और चांदी के यादगारी सिक्के जारी किए। सोने के 5 ग्राम के सिक्कों की कीमत 27500 रुपये, 10 ग्राम के सोने के सिक्के की 55,000 और 50 ग्राम के चांदी के सिक्के की कीमत 51,000 रुपये है। यह सिक्के देशभर में स्थित फूलकारी के आउटलेट पर बिक्री के लिए मुहैया होंगे। इसके अलावा यह जल्द ही बैंकों और डाक घरों में भी उपलब्ध होंगे।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व को समर्पित श्री गुरु तेग बहादुर स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ की तरनतारन में आधारशिला रखी। इसके साथ ही उन्होंने वित्त विभाग को इस संस्था को समय पर कार्यशील करने के लिए उचित फंड देने का आदेश भी जारी किया। इसी मौके पर मुख्यमंत्री ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के प्रकाश पर्व को समर्पित सोने और चांदी के यादगारी सिक्के भी जारी किए।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य में शैक्षिक प्रोजेक्ट के लिए फंड की कमी नहीं आने दी जाएगी। शिक्षा को प्राथमिक क्षेत्र बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूल शिक्षा में सर्वोत्कृष्ट दर्जा हासिल करने के बाद उनका अगला उद्देश्य उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा में भी पंजाब को सर्वप्रथम राज्य बनाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह 2 अक्तूबर को 18 नए डिग्री कालेजों और 25 आईटीआई का भी उद्घाटन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक भले ही गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, पंजाबी यूनिवर्सिटी और पंजाब यूनिवर्सिटी लॉ की डिग्री प्रदान कर रही हैं। इनके अलावा राज्य के तकरीबन 30 कॉलेजों में भी कानून की पढ़ाई करवाई जा रही है और केवल एक लॉ यूनिवर्सिटी (राजीव गांधी नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ, पटियाला) थी और अब यह नई यूनिवर्सिटी राज्य के नौजवानों को कानून से संबंधित विशेष पाठ्यक्रम करवाएगी।
विज्ञापन
इमारत बनने तक अस्थायी कैंपस में लगेंगी कक्षाएं
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बताया कि अभी विश्वविद्यालय की कक्षाएं अस्थायी कैंपस में लगेंगी। नया कैंपस के लिए तरनतारन के गांव कैरों में 25 एकड़ जमीन की व्यवस्था की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि गांव कैरों में बनने जा रही यूनिवर्सिटी सही मायनों में पूर्व मुख्यमंत्री प्रताप सिंह कैरों को श्रद्धांजलि होगी, जो आधुनिक पंजाब के सृजक थे और पंजाब कृषि यूनिवर्सिटी (लुधियाना) की स्थापना का श्रेय भी उनको ही जाता है।