पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बुधवार को मुलाकात के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने तत्काल किसान आंदोलन को समाप्त कराने के लिए कदम उठाने और हस्तक्षेप की मांग की।
उन्होंने कृषि कानून में संशोधन की भी मांग की। उनका कहना है कि किसानों को मुफ्त कानूनी सहायता मुहैया कराई जाए। प्रधानमंत्री के साथ बुधवार शाम हुई मुलाकात के दौरान कैप्टन ने अपनी मांगों से संबंधित दो अलग-अलग पत्र उन्हें सौंपे हैं। जिसमें उन्होंने इस बात की मांग की है कि जो किसान 26 नवंबर से दिल्ली और पंजाब में तीन कृषि कानूनों के खिलाफ धरना प्रदर्शन और आंदोलन कर रहे हैं उनके लिए सही कानूनी आम सहमति बनाई जाए।
मुख्यमंत्री ने पीएम का ध्यान इस ओर भी आकर्षित किया कि इतने समय से चल रहे इस आंदोलन की कीमत 400 से अधिक किसान और कृषि मजदूरों ने जान देकर चुकाई है। किसानों को रोकने के लिए जो पुलिस और सुरक्षा बल तैनात हैं उन्होंने उनपर अत्याचार किया है जो कि बहुत घिनौना कृत्य रहा है।
कैप्टन ने प्रधानमंत्री से इस बात का भी अनुरोध किया कि सरकार प्रभावित किसानों पर ध्यान देने के साथ सही समाधान निकाले। उन्होंने बताया कि आंदोलन के चलते राज्य की आर्थिक गतिविधियों पर भी असर है। कैप्टन ने कहा कि उन्होंने पहले भी इस विषय को लेकर पीएम से समय मांगा था। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिले।