पंजाब में रोजाना शाम छह बजे से लगेगा लॉकडाउन
- फोटो : @capt_amarinder
पंजाब में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर सरकार ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। सोमवार को कैबिनेट की बैठक में शाम छह बजे से लॉकडाउन लगाने को मंजूरी दी गई। कैप्टन अमरिंदर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। इसके अलावा वीकेंड लॉकडाउन शुक्रवार शाम छह बजे से सोमवार सुबह पांच बजे तक रहेगा। कैप्टन ने लोगों से अपील की है कि कोरोना से बचने के लिए घर पर रहें और अनावश्यक बाहर न निकलें।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की ओर से कोविड के हालात में मदद की अपील किए जाने पर सेना की पश्चिमी कमान ने सोमवार को पंजाब को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। इसमें मेडिकल स्टाफ और चिकित्सीय अनुभव वाले योद्धा, पंजाब के अस्पतालों की कमी और राज्य के पुराने ऑक्सीजन प्लांटों को मौजूदा संकट के दौरान पुनर्जीवित करने संबंधी सहयोग शामिल है। पश्चिमी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल आरपी सिंह ने मुख्यमंत्री और अन्य सीनियर कमांडिंग अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक में सीएसआईआर की ओर से राज्य सरकार को मुहैया कराई गई इमारत में प्रस्तावित 100 बिस्तर वाले कोविड सुविधा केंद्र को चलाने के लिए स्टाफ मुहैया कराने की भी पेशकश की।
पंजाब में सिर्फ 1.76 कोवीशील्ड व 22000 कोवैक्सीन का स्टॉक
मुख्यमंत्री ने वैक्सीन आपूर्ति के लिए स्वास्थ्य विभाग को केंद्र सरकार से संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए क्योंकि राज्य में वर्तमान में केवल 1.76 लाख कोवीशील्ड और 22000 कोवैक्सीन डोज का ही स्टॉक मौजूद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे लॉकडाउन का प्रस्ताव नहीं दे रहे, क्योंकि इससे पलायन और आर्थिक संकट बढ़ता है। उन्होंने साफ किया कि बढ़ते संकट से निपटने के लिए अन्य कदम उठाए जा रहे हैं। पंजाब में रविवार को 7000 केस दर्ज किए गए, जो अत्यधिक खतरनाक हालात को दर्शाते हैं, खासकर दक्षिणी पंजाब में जहां पड़ोसी राज्यों में कोविड केसों की संख्या लगातार बढ़ रही है।