आम आदमी पार्टी पंजाब उपचुनाव में पूरी ताकत झोंकेगी। पार्टी के राष्ट्रीय कनवीनर अरविंद केजरीवाल समेत कई शीर्ष नेता प्रचार के लिए पंजाब आएंगे।
साथ ही पंजाब के चारों सांसदों और लोकसभा उम्मीदवारों को भी कमान सौंपी गई है। लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की लाज पंजाब ने ही बचाई थी।
आप दिल्ली समेत पूरे देश में खाता नहीं खोल सकी थी। पर पंजाब में पार्टी ने शिअद के बराबर सर्वाधिक चार सीटें जीती थीं।
पंजाब को लेकर AAP संजीदा
इसीलिए पार्टी पंजाब को लेकर काफी संजीदा है। पार्टी ने बाकी जगह चुनाव न लड़ने का फैसला किया। पर पंजाब के उपचुनाव में उतरने का मन बनाया।
अब राष्ट्रीय नेतृत्व यहां के उपचुनाव में पूरी ताकत झोंकने का मन बना चुका है। अरविंद केजरीवाल आखिरी चार दिनों में पंजाब का माहौल गर्माएंगे। केजरीवाल 16 व 18 अगस्त को पटियाला में प्रचार करेंगे। जबकि, 17 व 19 अगस्त को वह तलवंडी साबो जाएंगे।
पटियाला जैसी शहरी सीट पर केजरीवाल का दो दिन का दौरा वर्करों को काफी उत्साहवर्द्धक लग रहा है। इसके अलावा मनीष सिसौदिया सोमवार को ही पटियाला पहुंच गए।
केजरीवाल समेत शीर्ष नेताओं का कार्यक्रम
पंजाब प्रभारी जरनैल सिंह पांच दिनों से पंजाब में हैं और चुनाव तक यहीं रहेंगे। संजय सिंह 13 अगस्त को पटियाला आएंगे। योगेंद्र यादव भी 14 अगस्त को पहुंच रहे हैं।
वह पटियाला और तलवंडी साबो, दोनों हलकों में जाएंगे। पटियाला की कमान जहां सांसद डॉ. धरमवीर गांधी के पास है। तो तलवंडी साबो में भगवंत मान ने पूरा जोर लगा रखा है।
भगवंत मान सोमवार को पटियाला पहुंचे थे। इनके अलावा लोक सभा उम्मीदवार हिम्मत सिंह शेरगिल, यामिनी गोमर, एचएस फूलका, सुच्चा सिंह छोटेपुर आदि भी प्रचार केलिए दोनों हलकों में जाएंगे।