दो दिन पहले एनआईए ने पंजाब में मोगा, कपूरथला, बरनाला, होशियारपुर, तरनतारन, जालंधर, नवांशहर, लुधियाना, गुरदासपुर, अमृतसर, पटियाला, मोहाली, संगरूर व मुक्तसर में और हरियाणा के सिरसा में छापे मारे थे।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की तरफ से लंदन में भारतीय उच्चायोग पर हमले के मामले में पिछले दिनों पंजाब, हरियाणा में 31 जगह छापे मारे गए थे। इस दौरान पटियाला स्थित समाजसेवी संस्था खालसा एड के मुख्य दफ्तर पर भी छापे मारे गए थे। इसे लेकर पंजाब भाजपा और केंद्र की भाजपा सरकार के बीच ठन गई है।
विज्ञापन
पंजाब भाजपा के प्रधान सुनील जाखड़ ने दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर इस पर कड़ा एतराज जताया है। सुनील जाखड़ ने इस संबंध में अमित शाह से कहा कि खालसा एड जैसी संस्था को उक्त मामले से जोड़कर देखना उचित नहीं है।
गौरतलब है कि खालसा एड के दफ्तर पर एनआईए के छापे को लेकर पंजाब में लोगों ने विरोध किया था। सोशल मीडिया पर पंजाब के लोगों ने एनआईए और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए छापे का विरोध शुरू कर दिया था। इसके बाद पंजाब भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ ने भी एनआईए की इस कार्रवाई पर कड़ा एतराज जताया था। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बुधवार को अमित शाह से मुलाकात के दौरान जाखड़ ने उन्हें कहा कि खालसा एड संस्था विशुद्ध रूप से समाज कल्याण के कार्यों में समर्पित है और जब भी देश-विदेश में कहीं भी प्राकृतिक आपदाएं आती हैं, जैसे कोरोना का संकट खड़ा हुआ था, तब खालसा एड ने बढ़चढ़ लोगों की मदद की थी।
गौरतलब है कि दो दिन पहले एनआईए ने पंजाब में मोगा, कपूरथला, बरनाला, होशियारपुर, तरनतारन, जालंधर, नवांशहर, लुधियाना, गुरदासपुर, अमृतसर, पटियाला, मोहाली, संगरूर व मुक्तसर में और हरियाणा के सिरसा में छापे मारे थे। इस दौरान एनआईए ने पटियाला में खालसा एड के मुख्य दफ्तर के अलावा संस्था की पंजाब इकाई के प्रधान अमरप्रीत सिंह के घर पर भी छापा मारा था।