भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा।
- फोटो : फाइल
कश्मीर घाटी में हो रही हिंदू-सिखों की हत्या पर पंजाब भाजपा ने कड़ा एतराज जताया है। प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कांग्रेस, अकाली दल और आप की इस घटना पर चुप्पी पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के कुछ नेता इन आंतकियों को समर्थन देकर घाटी के शांत माहौल में फिर से आग लगाना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा: मौत पर रोने वाला बेटा ही निकला पिता का 'कातिल', पुलिस को खुद दी थी हत्या की शिकायत
शर्मा ने कहा कि घाटी में आंतकी सोची-समझी रणनीति के तहत आम नागरिकों को निशाना बना रहे हैं। यह हमले जम्मू-कश्मीर में दहशत फैलाने के लिए किए जा रहे हैं। बेगुनाह लोगों को निशाना बनाया जा रहा है, ताकि लोगों का आपस में भाईचारा खत्म किया जा सके।
उन्होंने कहा कि इस बात का दुख है कि लगातार इस तरह के हमले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आंतकी पिछले कुछ हमलों में अल्पसंख्यक हिंदुओं और सिखों को निशाना बना रहे हैं। शर्मा ने कहा कि कश्मीर में बड़ी मुश्किल से करीब 30 साल बाद शांति लौटी है और इस दौरान असंख्य नागरिकों व सुरक्षा बलों के जवानों ने अपनी शहादत दी है।
यह भी पढ़ें: पंजाब की सियासत : अगला हफ्ता बेहद अहम, नई पार्टी का एलान कर सकते हैं अमरिंदर, कांग्रेस चौकस
शर्मा ने केंद्र सरकार और जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल से अपील की है कि वह इन आंतकी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठायें और आंतकियों के विरुद्ध सुरक्षाबलों को कठोर कारवाई का आदेश देकर जनता में फैल रही असुरक्षा की भावना को खत्म करने का प्रयास करें।