कांग्रेस के प्रशांत किशोर ने आम आदमी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उनके वॉलंटियर बेस को चुनौती देने की तैयारी की है। कांग्रेस के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की आई-पैक टीम ने अब गांवों में कैप्टन की फौज खड़ी करने की योजना बनाई है। आम आदमी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके वॉलंटियर माने जाते हैं। आप ने काफी तेजी से पंजाब में निचले स्तर पर अपनी पैठ बनाई।
युवाओं को आप ने खासतौर पर टारगेट किया और बड़ी संख्या में यूथ को जोड़ा भी है। अब कांग्रेस ने भी निचले स्तर पर प्रदेश प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह के पक्ष में यूथ ब्रिगेड खड़ी करने की तैयारी की है। जिसके लिए आई-पैक ने गांवों के युवाओं में पैठ बनाने का काम शुरू किया है। आई-पैक ने अब गांवों में पिंड दा कैप्टन नियुक्त करने शुरू किए हैं। अब तक राज्य भर में करीब 1400 पिंड दा कैप्टन नियुक्त किए जा चुके हैं।
जिलों और विधानसभा हलकों में काम कर रहीं आई-पैक की टीमें ज्यादा से ज्यादा गांवों में पिंड दा कैप्टन नियुक्त करने में लगी हुई हैं। इससे पहले आई-पैक ने शहरों में सिटी कैप्टन और कॉलेज कैप्टन नियुक्त किए थे। अब तक 1120 सिटी कैप्टन और 2000 कॉलेज कैप्टन बनाए जा चुके हैं। इन युवाओं को आई-पैक ने फेसबुक और सोशल साइट्स के अलावा अपनी तमाम कैंपेन केजरिए जोड़ा है।
ये वे युवा हैं जो खुद कैप्टन अमरिंदर केपक्ष में काम करने को राजी थे। निचले स्तर पर इन युवाओं ने अपने स्थानीय वट्स-एप ग्रुप बनाए हैं, जिनकेजरिए ये लोगों को कैप्टन के पक्ष में लामबंद करने में लगे हुए हैं। इसकेअलावा कॉफी विद कैप्टन और हलके विच कैप्टन जैसी कैंपेन में भी इनकी मदद ली जा रही है। इसके अलावा आई-पैक ने सभी जिलों में विशेष फेसबुक पेज भी बनाए हैं। उनके जरिए भी लोगों को जोड़ा जा रहा है।