पूर्व विधायक और मंत्री मास्टर मोहन लाल
- फोटो : फाइल फोटो
भाजपा के एक और दिग्गज नेता नवजोत सिद्धू की राह पर चल सकते हैं। इसका संकेत देते हुए उन्होंने आक्रामक तेवर दिखाए। पूर्व भाजपा विधायक व पूर्व परिवहन मंत्री मास्टर मोहन लाल ने नवजोत सिंह सिद्धू की ओर से भाजपा को छोड़ना दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उनके मुताबिक हालांकि इससे भाजपा को कोई फर्क नहीं पडे़गा, लेकिन कांग्रेस को नुकसान अवश्य होगा और आम आदमी पार्टी को इसका लाभ होगा।
वीरवार को मास्टर मोहन लाल ने खास बातचीत में बताया कि नवजोत सिंह सिद्धू ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का ग्राफ बिगाड़ा है। जब उनसे पूछा गया कि आपका भाजपा में क्या योगदान है तो उनका दर्द फूट पड़ा। उन्होंने कहा कि मैंने अपने जीवन के 50 वर्ष भाजपा को दिए हैं। जन संघ से लेकर भाजपा बनने तक उन्होंने पार्टी को अपना योगदान दिया है तथा इस मुकाम पर पहुंचाया है।
पिछले छह वर्षों से भाजपा की ओर से उन्हें पूछा तक नहीं गया है। पार्टी उन्हें क्यों पूछेगी क्योंकि उनके बिना भी पार्टी का कार्य चल रहा है। मास्टर मोहन लाल ने कहा कि पार्टी उसी को पूछती है जिसके पास कुछ होता है। जब उनसे पूछा गया कि क्या आप आम आदमी पार्टी में जाने का विचार कर रहे हैं तो उन्होंने कहा कि मैं भाजपा में ही रहूंगा।
लेकिन यदि आप आदमी पार्टी के नेता मुझसे मिलने आते हैं तो वह विचार करेंगे तथा चुनाव से ठीक पहले वह अपनी बात को स्पष्ट करेंगे। इन बातों से ऐसा लगा कि यदि भाजपा इन चुनावों में भी मास्टर मोहल लाल को दरकिनार करती है तो वह आप में जाने का विचार कर सकते हैं। यदि ऐसा हो जाता है तो इसका खामियाजा जिला भाजपा को भुगतना पड़ सकता है।