फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'एयर इंडिया ने क्या प्राइवेट एयरलाइंस को फायदा पहुंचाने के लिए कोई डील की है'

Wed, 15 Mar 2017 05:05 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
Punjab And Haryana Highcourt Chandigarh - फोटो : File Photo
विज्ञापन
एयर इंडिया के विमान से चंडीगढ़ और अमृतसर से उड़ान भरकर दिल्ली एयरपोर्ट पर कनेक्टिंग फ्लाइट के लिए यात्रियों को घंटों इंतजार क्यों करना पड़ रहा है। कहीं ऐसा तो नहीं कि एयर इंडिया ने प्राइवेट एयरलाइंस को फायदा पहुंचाने के लिए कोई डील की है। हाईकोर्ट ने यह तल्ख टिप्पणी करते हुए अगली सुनवाई पर एयर इंडिया के जीएम मार्केटिंग को तलब किया है। चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पैरलल रनवे के लिए भूमि अधिग्रहण पर फैसला न लेने के चलते हाईकोर्ट ने सख्ती दिखाते हुए रक्षा सचिव को निर्देश दिए हैं कि वे इस मामले को खुद देखें और यह सुनिश्चित करें कि अगली सुनवाई पर ज्वाइंट सेक्रेटरी एयर इंडिया हाईकोर्ट में हाजिर रहें।
विज्ञापन


हाईकोर्ट ने मंगलवार को केंद्र सरकार से एयरपोर्ट के रनवे के लिए भूमि अधिग्रहण को मंजूरी के लिए आयोजित बैठक पर जवाब मांगा। असिस्टेंट सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया चेतन मित्तल ने बताया कि ज्वाइंट सेक्रेटरी को बार-बार हाईकोर्ट के आदेश के बारे में बताने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया। हाईकोर्ट ने हैरानी जताते हुए कहा कि अफसर इतने लापरवाह कैसे हो सकते हैं। न जाने क्यों दिल्ली वालों का रवैया चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर नकारात्मक है। यदि इस एयरपोर्ट को दिल्ली वाले नहीं चलने देना चाहते हैं तो हम इस पर ताला लगाने के आदेश जारी कर देते हैं और जनता के पैसे के दुरुपयोग के लिए जो जिम्मेदार अधिकारी हैं, उनको सजा मिले, यह सुनिश्चित करने के लिए जांच सीबीआई को सौंप देते हैं।

एयर इंडिया के रवैये पर हाईकोर्ट ने कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि एयर इंडिया की स्थिति भी बीएसएनएल की तरह हो गई है। बीएसएनएल बाकी सभी कंपनियों को अपनी सेवाएं देता है और वे प्राइवेट कंपनियां फायदे में हैं, जबकि बीएसएनएल घाटे में। इस प्रकार का रवैया सही नहीं है। नेशनल कैरेज होने का भी एयर इंडिया लाभ नहीं उठा रही है तो आगे इससे क्या उम्मीद की जाए?
विज्ञापन


दिल्ली में भीड़ है तो चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब शिफ्ट करो क्राउड
मामले की सुनवाई के दौरान बताया गया कि दिल्ली में क्राउड ज्यादा होने के कारण और रनवे बनाने के लिए काम किया जा रहा है। इस पर हाईकोर्ट ने कहा कि एक ओर भूमि अधिग्रहण कर दिल्ली को बढ़ाने का काम किया जा रहा है तो वहीं दूसरी ओर हिसार, चंडीगढ़, अमृतसर सहित इस क्षेत्र के अन्य एयरपोर्ट की उपेक्षा की जा रही है। हाईकोर्ट ने कहा कि इस क्षेत्र से बड़ी संख्या में यात्री इंटरनेशनल फ्लाइट लेते हैं तो इस क्षेत्र से इंटरनेशनल फ्लाइट को बढ़ाने की दिशा में काम किया जाए।

दिल्ली वालों की उल्टी सोच

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट - फोटो : File Photo
टैक्सी, बस और होटलों के लिए क्षेत्र को किया नजरअंदाज
सुनवाई के दौरान अमृतसर विकास मंच की ओर से कहा गया कि  दिल्ली को प्रमोट करने के लिए इस क्षेत्र से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को समाप्त किया जा रहा है। लोग दिल्ली जाकर फ्लाइट पकड़ने केलिए मजबूर हैं, जिसका सीधा उद्देश्य वहां के होटल, टैक्सी व अन्य कारोबार को बढ़ावा देना है। वहां के व्यापार को बढ़ाने के लिए यहां के लोगों से अन्याय किया जा रहा है, जो सही नहीं है।

घट गई अमृतसर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें
विकास मंच केवकील अंकुर सोनी ने बताया कि जीएमआर के दिल्ली में काम संभालने से पहले अमृतसर से 80 प्रतिशत अंतरराष्ट्रीय उड़ानें थीं और 20 प्रतिशत डोमेस्टिक । इसके बाद से ही लगातार अमृतसर से उड़ानें छीन कर दिल्ली को दी जाने लगीं, जिसका नतीजा यह हुआ कि आज अमृतसर से 80 प्रतिशत डोमेस्टिक उड़ाने हैं और 20 प्रतिशत इंटरनेशनल। सोनी ने कहा कि विकास मंच के पूर्व प्रधान चरणजीत सिंह से मिले आंकड़ों के अनुसार अमृतसर का रनवे देश का दूसरा बड़ा रनवे है और लगभग सभी सुविधाएं मौजूद हैं, बावजूद इसके इस एयरपोर्ट को साइड लाइन किया जा रहा है।

दिल्ली वालों की उल्टी सोच
अंकुर सोनी ने हाईकोर्ट को बताया कि अमृतसर से इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू न होने के पीछे दिल्ली वालों की विपरीत सोच काम कर रही है। इसके लिए वे अमृतसर से डोमेस्टिक उड़ान दिल्ली लेकर जाते हैं और दिल्ली से इसे इंटरनेशनल बनाकर फिर अमृतसर के ऊपर से होकर निकल जाते हैं। सोनी ने कहा कि यदि दिल्ली से अमृतसर और अमृतसर से विदेश की उड़ान हो तो इससे एयरलाइंस को भी फायदा होगा और एयरपोर्ट को यूडीए के रूप में मिलने वाली राशि भी बढ़ेगी, जो किसी भी एयरपोर्ट की आय के मुख्य साधनों में से एक होती है।
विज्ञापन

हिसार एयरपोर्ट पर हरियाणा दे जवाब

- फोटो : फाइल फोटो
एनएच 21 से एयरपोर्ट के बीच 20 दिन में पूरा होगा अंडरपास का सर्वे
मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट को बताया गया कि नेशनल हाईवे 21 से चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक अंडरपास बनाने के लिए डीएमआरसी को सर्वे करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके लिए डीएमआरसी ने जो राशि मांगी थी, उसका भुगतान कर दिया गया है और अब 20 दिन का समय लेकर डीएमआरसी इससे जुड़ी रिपोर्ट सौंप देगी। अपनी रिपोर्ट में तकनीकी स्थिति और बाधाओं के बारे में डीएमआरसी पूरी जानकारी देगी। हाईकोर्ट ने इस पर केंद्र सरकार को अगली सुनवाई पर आगे की स्थिति स्पष्ट करने के आदेश दिए हैं। इस बारे में हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पत्र लिखकर मांग की थी कि चंडीगढ़-पंचकूला की ओर से नेशनल हाईवे 21 से सीधा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जोड़ने के लिए अंडरपास बनाया जाए ताकि उस ओर जाने वाले लोगों को ट्रैफिक का सामना न करना पड़े।

हब एंड स्पोक पॉलिसी पर लें निर्णय
बड़े शहरों को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का केंद्र बनाकर छोटे एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से महरूम रखने वाली हब एंड स्पोक पॉलिसी पर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार से जवाब मांगा। केंद्र सरकार ने कहा कि इसके लिए उन्हें कुछ सयम दिया जाए ताकि वे इस पर स्थिति स्पष्ट कर सकें। हाईकोर्ट ने सुनवाई को 28 मार्च तक टालते हुए इस विषय पर जवाब तलब किया है।

इंटरनेशनल फ्लाइट की भीख नहीं मांग रहे
हाईकोर्ट ने कहा कि इंटरनेशनल उड़ानें चंडीगढ़ और अमृतसर से शुरू हों, इसके लिए हम भीख नहीं मांग रहे हैं। जनता के पैसे लगाकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट बना है और इस एयरपोर्ट का हक है कि इसे इंटरनेशनल फ्लाइट मिलें। इस दौरान अमृतसर विकास मंच की ओर से बताया गया कि दिल्ली से उड़ान भरने वाले 60 प्रतिशत से अधिक यात्री इस क्षेत्र से हैं। ऐसे में इस क्षेत्र को इंटरनेशनल फ्लाइट के लिए कंसीडर करना ही चाहिए।

हिसार एयरपोर्ट पर हरियाणा दे जवाब 
हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान हिसार एयरपोर्ट को लेकर हरियाणा सरकार से स्थिति स्पष्ट करने को कहा। हरियाणा सरकार की ओर से एडिशनल एडवोकेट जनरल रणधीर सिंह ने कहा कि इस बारे में स्थिति स्पष्ट करने के लिए उन्हें समय दिया जाए। अगली सुनवाई पर वे बताएंगे कि हिसार एयरपोर्ट की क्या स्थिति है और उड़ानों के लिए एयरपोर्ट कितना तैयार है। इस दौरान रणधीर सिंह ने होटल माफिया और टैक्सी माफिया के बारे में भी जिक्र किया। रणधीर सिंह ने कहा कि चंडीगढ़ और हिसार के एयरपोर्ट के सुचारू होने से लोगों को दिल्ली में होटल और टैक्सी माफिया का शिकार नहीं बनना पड़ेगा। कुंडली बैरियर के पास से ही ट्रैफिक शुरू हो जाता है और लोगों को घंटों के जाम का सामना करना पड़ता है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें