2021 की तुलना में 2022 में 12 फीसदी बढ़ी बिजली की खपत
पंजाब में जून 2021 में 6,996 एमयू की तुलना में जून 2022 में 7,467 एमयू बिजली की खपत हुए, जबकि जुलाई 2021 में 8,095 एमयू की जगह 2022 में खपत का आंकड़ा 8,163 एमयू रहा। इसी तरह, अगस्त 2022 में राज्य ने बीते वर्ष 8,292 एमयू की तुलना में 8,914 एमयू की खपत की। 2021 की तुलना में 2022 में पंजाब में बिजली की खपत में कुल मिलाकर 12 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
पीएसपीसीएल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि बदलते मौसम के मिजाज ने वैश्विक ऊर्जा संकट को जन्म दिया। इससे पंजाब भी प्रभावित हुआ, क्योंकि राज्य बिजली की बढ़ती मांग का सामना कर रहा था। पीएसपीसीएल के अध्यक्ष एवं सह प्रबंध निदेशक बलदेव सिंह सरन का कहना है कि मौसम के बदलते मिजाज और उच्च तापमान से बिजली की अतिरिक्त मांग बढ़ रही है। राज्य में औद्योगिक बिजली के उपयोग में कटौती के बावजूद कार्यालयों और घरेलू क्षेत्र में उपभोक्ता अधिक बिजली का उपयोग कर रहे हैं। एयर कंडीशनर पिछले वर्षों की तुलना में अधिक दिनों तक चल रहे हैं।
वहीं, अमर उजाला के साथ बीते दिनों हुई जलवायु परिवर्तन पर हुई कार्यशाला में यूनिसेफ के विशेषज्ञों ने बढ़ते तापमान को नियंत्रित करने और ऊर्जा की खपत कम करने के लिए हरित क्रांति अभियान को तेज करने और जीवन शैली में बदलाव का सुझाव दिया। इसमें एसी और वाहनों के कम से कम इस्तेमाल की सलाह दी गई।