मुख्यमंत्री ने मत्तेवाड़ा में टेक्स्टाइल पार्क के बारे में कहा कि सरकार वहां टेक्स्टाइल पार्क बनाने की इजाजत नहीं देगी, जिसको लुधियाना का फेफड़ा कहा जाता है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार भारत सरकार को प्रोजेक्ट के लिए वैकल्पिक जमीन की पेशकश पहले ही कर चुकी है। भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के पर्यावरण को बचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
3600 कच्चे सफाई कर्मचारियों को पक्का करने का एलान
सीएम भगवंत मान ने 3600 कच्चे सफाई कर्मचारियों/सफाई मित्रों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को इन सभी को पक्का करने का एलान किया। गुरु नानक स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में दो सफाई सेवकों दीपक कुमार और मोनिका को सांकेतिक तौर पर पत्र सौंप कर सीएम ने इस मुहिम की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाई सेवकों के कल्याण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के तकरीबन 3600 कच्चे सफाई कर्मचारी/सफाई मित्र ठेके पर काम कर रहे हैं, जिनकी सेवाओं को अब पंजाब सरकार ने पक्का कर दिया है। भगवंत मान ने कहा कि यह मुहिम आज सांकेतिक तौर पर शुरू की गई है और बाकी बचे कर्मचारियों को भी आने वाले दिनों में पक्की नौकरी का पत्र मिल जाएगा।
मुख्यमंत्री ने लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट की नई वेबसाइट भी लॉच की। उन्होंने कहा कि इस वेबसाइट पर लोग अपनी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज करवा सकेंगे। इसके बाद वह घर बैठे-बैठे इन शिकायतों पर हुई कार्रवाई पर नजर रख सकेंगे और रिपोर्ट हासिल कर सकेंगे। इस वेबसाइट के द्वारा लोग पीसीसी रिपोर्ट, एफआईआर डाउनलोड, सभी अधिकारियों, थाना प्रमुखों और अन्यों के संपर्क नंबर भी हासिल कर सकेंगे।
सात शख्सियतों को स्टेट अवार्ड
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरु नानक स्टेडियम में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में अलग- अलग क्षेत्रों में बेमिसाल योगदान देने वाली सात शख्सियतों को स्टेट अवार्ड से सम्मानित किया। यह अवार्ड समाज सेवा, थियेटर, खेल, व्यापार और सरकारी सेवा के क्षेत्र में जिन्होंने अपने लक्ष्यों की पूर्ति के लिए बेमिसाल कोशिशों के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभाई उन्हें दिया गया।
राज्य स्तरीय समारोह के दौरान स्टेट अवार्ड हासिल करने वालों में प्रसिद्ध पत्रकार, शिक्षा शास्त्री और पद्मश्री जगजीत सिंह दर्दी (पटियाला), समाज सेवा और आसरा वेलफेयर सोसायटी के प्रमुख रमेश कुमार मेहता (बठिंडा), प्रसिद्ध थियेटर शख्सियत प्राण सभरवाल (पटियाला), संगीतकार और गायक हरगुन कौर (अमृतसर), ट्रैक्टर निर्माता और कारोबारी अमरजीत सिंह (पटियाला), शॉट-पुट की महिला खिलाड़ी जैसमीन कौर और सीनियर कंसलटेंट ई-गवर्नेंस मिशन टीम (प्रशासनिक सुधार और सार्वजनिक शिकायतें विभाग) जसमिंदर सिंह (मोहाली) को दिया गया।
सीएम भगवंत मान का टीचरों ने किया विरोध
सीएम भगवंत मान का सोमवार को महानगर में काफी विरोध हुआ। कहीं टीचरों ने प्रदर्शन किया तो कहीं मुलाकात को लेकर आम आदमी ने ही सीएम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सम्मान चिन्ह न दे पाने पर एक वकील भी पुलिस के साथ उलझ गया। समारोह में काले रंग का मास्क पहन कर जाने वाले बच्चों का लाइन में लगने के दौरान बच्चों के मास्क भी उतरवा दिए गए। इसके बाद ही उन्हें अंदर जाने की इजाजत दी गई।
उधर, अपनी मांगों को लेकर असिस्टेंट प्रोफेसरों और लाइब्रेरियन फ्रंट के सदस्यों ने फिरोजपुर रोड पर ही धरना लगा दिया। हालांकि पुलिस ने उन्हें आगे आने की इजाजत नहीं दी। दो सौ से ज्यादा प्रदर्शनकारी काले झंडे लेकर गुरु नानक स्टेडियम की तरफ बढ़े लेकिन पुलिस अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया। प्रदर्शनकारी आगे जाने के लिए अड़े रहे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस मुलाजिमों के बीच झड़प और धक्का-मुक्की भी हुई।