उन्होंने कहा कि राज्य में अब कैंसर का उचित इलाज उपलब्ध है, जिस कारण अब इलाज के लिए लोगों को दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब से बीकानेर कैंसर अस्पताल के लिए खचाखच भरकर चलने वाली कैंसर एक्सप्रेस ट्रेन अब खाली जाती है, क्योंकि लोगों को अब पंजाब में ही इलाज की सुविधा मिल रही है।
उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में जिलों में रिक्त पड़ी अधिकारियों के पद भरे जाएंगे। मुख्यालयों से अधिकारियों की तैनाती फील्ड में की जाएगी। इन अधिकारियों को जिलों में काम अलॉट किया जाएगा ताकि लोगों की भलाई यकीनी बने। सीएम मान ने कहा कि पंजाब संतों, पीरों, फकीरों, पैगंबरों और शहीदों की धरती है, जिस कारण यह धरती संभावनाओं से भरी पड़ी है। यहां व्यापार और कारोबार के लिए असीम संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क हादसों को रोकने के लिए सड़कों पर आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए पंजाब सरकार ने सड़क सुरक्षा फोर्स की शुरूआत की है। अपनी तरह की यह पहली विशेष फोर्स पंजाब में रोजाना होने वाले सड़क हादसों में जाती कीमती जानें बचाने के लिए अहम भूमिका निभाएगी। इस फोर्स को सड़क हादसों को रोकने के साथ-साथ गलत ड्राइविंग और सड़कों पर वाहनों की गतिविधि को सुचारू करने का जिम्मा सौंपा गया है। इससे थानों में तैनात मुलाजिमों से काम का बोझ कम होगा।
पहले चरण में इस विशेष फोर्स में 1300 मुलाजिम भर्ती किए जाएंगे। प्राथमिक तौर पर 144 वाहन तैनात किए जाएंगे, जिनमें 116 वाहन होंगे, जो प्रत्येक 30 किलोमीटर के दायरे में तैनात होंगे और 28 एसयूवी स्पीड रडार से लैस होंगीं। इन वाहनों में पूरी मेडिकल किट होगी ताकि जरूरत पड़ने पर किसी मरीज को तुरंत इमरजेंसी सेवा दी जा सके।
सीएम मान ने एलान किया कि गांवों के सरपंचों का चुनाव को सियासत से प्रेरित नहीं होने दिया जाएगा। जो गांव सर्वसम्मति से सरपंचों का चुनाव करेंगे, उन्हें गांवों के विकास के लिए ग्रांट दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य यह है कि पंचायत चुनाव में कोई हिंसा न हो और गांवों में भाईचारक माहौल बना रहे।