चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी मार्च में यूनिवर्सिटी के सभी विभागों को क्रमबद्ध तरीके से खोलने की तैयारी कर रही है। इसके लिए बैठक कर विचार-चर्चा कर ली गई है। जल्द ही पीयू विभागों को खोलने को लेकर कार्यक्रम जारी कर देगा। विद्यार्थी लंबे समय से पीयू के सभी विभागों को ऑफलाइन माध्यम से चलाने के लिए मांग कर रहे हैं।
पीयू के एक अधिकारी ने बताया कि यूनिवर्सिटी को क्रमबद्ध तरीके में खोला जाएगा। पहले क्रम में अंतिम वर्ष के स्नातक और परास्नातक के विद्यार्थियों के लिए ऑफलाइन कक्षाएं शुरू की जाएंगी। सीनियर विद्यार्थियों की कक्षाएं सुचारू रूप से शुरू होने के बाद अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए ऑफलाइन कक्षाएं शुरू की जाएंगी। बताया जाता है कि विद्यार्थियों को एक साथ नहीं बुलाने का एक कारण उनके लिए छात्रावास की व्यवस्था करना है। विद्यार्थी काफी समय बाद परिसर में आ रहे हैं, इसलिए उन्हें क्रमबद्ध और मेरिट के आधार पर छात्रावास उपलब्ध करवाए जाएंगे। वहीं दूसरा कारण है कि एक साथ सभी सेमेस्टरों के विद्यार्थियों को बुलाने पर सामाजिक दूरी का पालन नहीं करवा पाएंगे, इसलिए थोड़े समय का अंतराल रखा गया है।
बता दें कि पीयू को बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने भी पत्र भेजकर वर्ष 2020 से विभागों को बंद रखने के कारणों को लेकर जवाब मांगा है। कानून विभागों की व्यावहारिक शिक्षा नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को काफी नुकसान झेलना पड़ा है। वहीं थिएटर, विजुअल आर्ट्स और विज्ञान कोर्स के विद्यार्थी भी व्यावहारिक प्रशिक्षण नहीं ले पाए।
विद्यार्थियों के आने पर खुलेगी कैंटीन
विद्यार्थियों के परिसर में आने के बाद मार्च से पीयू के सभी विभागों और छात्रावासों की कैंटीन और दुकानें खुल जाएंगी। हालांकि बीच में पीयू ने कैंटीन खोलने के निर्देश दिए थे, लेकिन विद्यार्थियों के परिसर में नहीं होने के कारण कैंटीन संचालकों को कोई लाभ नहीं हो पा रहा था।